रिपोर्ट : LegendNews
मुठभेड़: मारा गया बुलंदशहर में नाबालिग लड़की के बलात्कार और हत्या का आरोपी
गुलावठी थाना पुलिस की बुलंदशहर-हापुड़ मार्ग पर छपरावत के पास बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। मारे गए बदमाश के पास से बाइक, पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं। मारे गए बदमाश के खिलाफ चार जनपदों में सात अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि गुलावठी थाना पुलिस और स्वाट टीम छपरावत गांव के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक आती दिखाई दी, जिस पर दो लोग सवार थे। पुलिस ने चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस टीमों पर फायरिंग कर दी। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में स्वाट टीम में शामिल दारोगा संदीप कुमार व कांस्टेबल नरेंद्र कुमार घायल हो गए और गुलावठी कोतवाल धर्मेन्द्र कुमार शर्मा व कोतवाल सिकंदराबाद शैलेन्द्र प्रताप सिंह के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी।
एनकाउंटर में दारोगा व कांस्टेबल घायल
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जबावी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया तथा दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा, जिसकी कांबिंग कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल बदमाश व पुलिसकर्मियों को तत्काल गुलावठी सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां से बदमाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बदमाश की मौत हो गई।
मारे गए बदमाश के कब्जे से पिस्टल, भारी मात्रा कारतूस एवं बाइक बरामद
मृत बदमाश की पहचान मोनू पुत्र राकेश निवासी ग्राम फतेहपुर जादौन थाना चोला जनपद बुलंदशहर के रुप में हुई हैं। जो दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपित व 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश है। घटनास्थल से अवैध पिस्टल, जिंदा एवं खोखा कारतूस एवं बाइक बरामद हुई है।
एसएसपी ने बताया कि मारे गए बदमाश ने इसी माह एक अगस्त को चोला रेलवे स्टेशन के पास 12 वर्षीय एक बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी।
50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था
घटना में वांछित मोनू फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी ने 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। मुठभेड़ में ढेर हुए बदमाश मोनू के विरुद्ध जनपद गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, जीआरपी बरेली, जीआरपी अलीगढ़ में सात अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश मोनू के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर, दो मैगजीन व कई जिंदा व खोखा कारतूस मिले हैं और बरामद बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं है।
-Legend News

Recent Comments