रिपोर्ट : LegendNews
चुनावी दुष्प्रचार से निपटने के लिए ईसीआई का दो दिवसीय सम्मेलन शुरू
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) में चुनावी प्रक्रियाओं और अभियानों में मीडिया के लिए वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाएं और नवाचार विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया।
गुरुवार तक चलने वाले इस सम्मेलन में चुनाव प्रबंधन से जुड़ी उभरती चुनौतियों, विशेषकर डिजिटल युग में सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा के लिए चुनाव प्रशासक, शिक्षाविद, शोधकर्ता और मीडिया विशेषज्ञ एकत्र हुए हैं।
सम्मेलन में जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), विषय विशेषज्ञ, शोधार्थी और निर्वाचन साक्षरता क्लबों के सदस्य सहित 480 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) और बूथ स्तर एजेंटों (बीएलए) सहित जमीनी स्तर के चुनाव कर्मियों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं के साथ संवाद को लगातार मजबूत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड मतदान से चुनावी प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं के विश्वास का पता चलता है।
सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रबंधन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अनुभवों, आदर्श मानकों और सर्वोत्तम प्रथाओं का दस्तावेजीकरण कर व्यावहारिक वैश्विक ज्ञान संसाधन तैयार करना है।
इस सम्मेलन से निकलने वाले सुझावों और चर्चाओं को जनवरी में आयोजित भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन सम्मेलन के दौरान अपनाई गई दिल्ली घोषणा के तहत तैयार किए जाने वाले विषयगत प्रतिवेदन में शामिल किया जाएगा।
सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में दुनिया भर के लोकतांत्रिक देशों के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। इनमें गलत सूचना और दुष्प्रचार का प्रसार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डीपफेक और सिंथेटिक मीडिया का बढ़ता खतरा, डिजिटल राजनीतिक विज्ञापनों में पारदर्शिता की कमी तथा चुनाव अभियानों के दौरान ऑनलाइन मंचों की जवाबदेही जैसे विषय शामिल हैं।
यह सम्मेलन मुख्य निर्वाचन अधिकारी, दिल्ली के कार्यालय द्वारा आईआईआईडीईएम और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस (इंटरनेशनल आइडिया) की 2026 की भारतीय अध्यक्षता के तहत किया जा रहा है।
-Legend News

Recent Comments