रिपोर्ट : LegendNews
ब्रज वैभव अभियान के तहत स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर बने ई-रिक्शा चालक, निकली तिरंगा रैली
मथुरा / वृंदावन। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा आयोजित ‘जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद’ कार्यक्रम में ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया। ई-रिक्शाओं पर स्वच्छता संदेश युक्त पट्टिकाएं एवं डस्टबिन लगाए गए, ताकि स्वच्छता का संदेश जन-जन और ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं तक पहुंचे।
“हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” के संकल्प को साकार करने तथा मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ‘व्रज वैभव अभियान’ के तहत गुरुवार को नवीन मंडी (दारुक पार्किंग के पास), वृंदावन में नगर निगम द्वारा ई-रिक्शा चालकों के साथ जन-जागरूकता एवं स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता, यातायात व्यवस्था एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छता संदेश का मुख्य वाहक बनाना है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एसपी सिटी सहित नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ई-रिक्शाओं में यात्रियों द्वारा फेंके जाने वाले कचरे को एकत्र करने के लिए पोर्टेबल डस्टबिन/बैग वितरित किए गए। चालकों से अपील की गई कि वे यात्रियों को सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए प्रेरित करें और एकत्रित कचरे का निस्तारण निर्धारित स्थानों पर ही करें।
साथ ही, ई-रिक्शाओं पर “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” लिखे जागरूकता पट्ट (साइन बोर्ड) लगाए गए। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित रूटों पर ही वाहन चलाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
- Legend News

Recent Comments