ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस मीशो ( Meesho) को इनकम टैक्स विभाग ने 1500 करोड़ रुपये का टैक्स डिमांड नोटिस भेजा है। कंपनी पर वित्त वर्ष 2022-23 के लिए इनकम कम दिखाने का आरोप है। कंपनी ने यह जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को दी गई नियामकीय फाइलिंग में दी।
कंपनी ने कहा कि वह इस आदेश की समीक्षा कर रही है और फिलहाल इस नोटिस का उसके वित्तीय प्रदर्शन पर कोई बड़ा नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा। फाइलिंग में कहा गया कि इनकम टैक्स विभाग ने कंपनी द्वारा घोषित इनकम में कुछ एडिशनल या एडजस्टमेंट किए हैं, जिसमें बकाया टैक्स पर ब्याज भी शामिल है। 
क्यों होते हैं टैक्स विवाद?
आमतौर पर ई-कॉमर्स कंपनियों के टैक्स विवाद ग्राहकों को दिए जाने वाले डिस्काउंट और प्रोत्साहन को लेकर होते हैं।
कई कंपनियां इन्हें व्यापारिक खर्च के रूप में दिखाकर टैक्स योग्य मुनाफा कम कर देती हैं, जबकि टैक्स विभाग कुछ मामलों में इन खर्चों को पूरी तरह कटौती योग्य नहीं मानता।
पहले भी सामने आया है ऐसा मामला
मीशो ने बताया कि उसे वित्त वर्ष 2022 के लिए भी ऐसा ही नोटिस मिला था, जिसे उसने कोर्ट में चुनौती दी थी। कंपनी के आईपीओ डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग ने 25 जनवरी 2025 को असेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए कारण बताओ नोटिस जारी कर टैक्स रिटर्न में कुछ प्रस्तावित बदलावों पर स्पष्टीकरण मांगा था। 
इन प्रस्तावित बदलावों में विज्ञापन और संचार खर्च की कटौती, फॉरवर्ड कॉन्ट्रैक्ट पर मार्क-टू-मार्केट लाभ के टैक्स ट्रीटमेंट और विदेशी भुगतान पर टीडीएस से जुड़े मुद्दे शामिल थे। कंपनी ने 7 फरवरी 2025 को विभाग को जवाब देते हुए अतिरिक्त जानकारी दी और सुनवाई की मांग की। 
इसके बाद टैक्स अधिकारियों ने 13 मार्च को असेसमेंट ऑर्डर जारी करते हुए करीब 572 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड की। इस आदेश को कंपनी ने 9 अप्रैल को कर्नाटक हाई कोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने 17 अप्रैल को टैक्स डिमांड पर अंतरिम रोक लगा दी थी और मामला अभी भी विचाराधीन है।
कंपनी बोली, सहमत नहीं
कंपनी ने अपने ताजा बयान में कहा कि वह इनकम टैक्स विभाग के निष्कर्षों से सहमत नहीं है। कंपनी अपने हितों की रक्षा के लिए जरूरी कानूनी कदम उठा रही है।
वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो मीशो का अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शुद्ध घाटा 13 गुना बढ़कर 491 करोड़ रुपये हो गया। वहीं ऑपरेटिंग रेवेन्यू 31% बढ़कर 3,517 करोड़ रुपये पहुंच गया। शुक्रवार को BSE पर मीशो का शेयर 0.44% की तेजी के साथ 159.10 रुपये पर बंद हुआ था। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).