रिपोर्ट : LegendNews
कैप्टन स्मित मच्छार से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान, उनके साहस को सराहा
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की हालत में अब सुधार हो रहा है। अबूधाबी के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। भारतीय दूतावास ने शनिवार को बताया कि स्मित मच्छार अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं और उन्हें बेहतरीन चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। दूतावास ने कहा कि वह पायलट के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए हरसंभव मदद कर रहा है।
दुबई क्राउन प्रिंस ने मच्छार से की मुलाकात
कैप्टन स्मित मच्छार से मिलने शनिवार को दुबई के क्राउन प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पायलट से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साहस की सराहना की। मुलाकात के बाद शेख हमदान ने सोशल मीडिया पर कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और मानव जीवन के प्रति चिंता की सर्वोच्च मिसाल पेश की है। क्राउन प्रिंस ने कहा कि यूएई के नेतृत्व की ओर से स्मित मच्छार को पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि स्मित उनकी टीम, उनके देश की कहानी और यूएई के मूल्यों का हिस्सा हैं। उन्होंने यूएई को करुणा, शांति और जीवन की रक्षा करने वाला देश बताया। मुलाकात के दौरान शेख हमदान ने स्मित से बातचीत की और उन्हें गले भी लगाया।
कॉकपिट में सह-पायलट ने किया हमला
यह घटना बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में हुई थी। विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था। विमान में कुल 174 यात्री सवार थे। उड़ान के दौरान ओमान के नागरिक सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। संयुक्त अरब अमीरात के अटॉर्नी जनरल हमद सैफ अल शम्सी के मुताबिक, सह-पायलट ने कॉकपिट में रखी क्रैश ऐक्स से स्मित पर हमला किया और विमान पर नियंत्रण करने की कोशिश की। हमले में स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को अंदर पहुंचने का मौका मिला। यात्रियों और क्रू ने मिलकर हमलावर सह-पायलट को काबू किया। इस दौरान विमान तेजी से नीचे आने लगा था, जिससे बड़ी दुर्घटना का खतरा पैदा हो गया था।
-Legend News

Recent Comments