मशहूर ब्रिटिश पॉप स्टार दुआ लीपा (Pop Star Dua Lipa) और दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग के बीच कानूनी जंग छिड़ गई है. दुआ लीपा ने सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स पर उनकी तस्वीर का अवैध रूप से इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कम से कम 15 मिलियन डॉलर (करीब 125 करोड़ रुपये) के हर्जाने का दावा किया है. पॉप स्टार का कहना है कि कंपनी ने अपनी टीवी सेल्स बढ़ाने के लिए उनकी लोकप्रियता का गलत फायदा उठाया है.

हालांक‍ि यह मुकद्दमा कैलिफोर्निया की फेडरल कोर्ट में व‍िगत शुक्रवार को दायर किया गया था परंतु अब इसे मीड‍िया के सामने तब लाया गया जब बीच बचाव के रास्ते बंद हो गए. 

सैमसंग ने अपने टेलीविजन सेट्स के कार्डबोर्ड बॉक्स (पैकिंग डिब्बों) पर दुआ लीपा की एक कॉपीराइट तस्वीर छापी थी. दुआ लीपा के वकीलों का तर्क है कि ऐसा करके कंपनी ने ग्राहकों को यह दिखाने की कोशिश की जैसे सिंगर खुद इस प्रोडक्ट का प्रचार कर रही हों.

बॉक्स पर छपी तस्वीर पर क्यों हुआ विवाद?
मुकदमे के अनुसार, जिस तस्वीर को लेकर यह सारा विवाद खड़ा हुआ है, उसका टाइटल “Dua Lipa - Backstage at Austin City Limits, 2024" है. सिंगर का दावा है कि इस फोटो से जुड़े सभी अधिकार और मालिकाना हक उन्हीं के पास हैं. सैमसंग ने इसे इस्तेमाल करने से पहले न तो कोई अनुमति ली और न ही इसके लिए कोई भुगतान किया.

दुआ लीपा ने सैमसंग पर केवल कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन का ही नहीं, बल्कि 'पब्लिसिटी राइट्स'के हनन का भी आरोप लगाया है. यह कानूनी नियम किसी भी व्यक्ति को अपनी पहचान, नाम या तस्वीर का व्यावसायिक इस्तेमाल को नियंत्रित करने का अधिकार देता है.

दुआ लीपा की कानूनी टीम ने कोर्ट में सबूत के तौर पर कई सोशल मीडिया पोस्ट और कमेंट्स के स्क्रीनशॉट भी पेश किए हैं. इन स्क्रीनशॉट्स के जरिए यह साबित करने की कोशिश की गई है कि कैसे लोग सिर्फ दुआ लीपा की फोटो देखकर टीवी खरीदने के लिए प्रेरित हुए. एक फैन ने तो यहां तक कमेंट किया कि वह टीवी 'सिर्फ इसलिए खरीदेंगे क्योंकि उस पर दुआ की फोटो है.'

ब्रांड वैल्यू को पहुंच रहा है नुकसान
मुकदमे में साफ तौर पर कहा गया है कि सैमसंग के इस कदम से दुआ लीपा की ब्रांड आइडेंटिटी और मार्केट वैल्यू को नुकसान पहुंच रहा है. जनता के बीच यह गलत संदेश जा रहा है कि वह इन उत्पादों का समर्थन करती हैं, जो पूरी तरह से झूठा है. सिंगर के अनुसार, बिना अनुमति के ऐसे प्रचार से उनकी छवि पर बुरा असर पड़ रहा है.

फिलहाल इस पूरे मामले पर सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. कंपनी का कहना है कि मामला अभी अदालत में लंबित है, इसलिए वे इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते. वहीं, दुआ लीपा के वकीलों ने भी फिलहाल मीडिया के सवालों का जवाब नहीं दिया है.
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).