रिपोर्ट : LegendNews
दिल्ली में SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, केजरीवाल ने दी अपनी प्रतिक्रिया
दिल्ली में आज 31 अगस्त सोमवार को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई है। दिल्ली के कुल करीब 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.7 लाख नाम ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं किए गए हैं। चुनाव आयोग का कहना है कि, यह प्रक्रिया घर-घर जाकर किए गए वेरीफिकेशन के आधार पर की गई है।
ड्राफ्ट रोल में करीब 97.5 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं, जबकि 47.7 लाख नाम इसमें नहीं हैं। आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के लगभग हर तीन में से एक पंजीकृत मतदाता का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है। अब आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल ने जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अरविंद केजरीवाल का कहना है कि बड़े पैमाने पर नामों के बाहर किया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए इस मुद्दे पर सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि, SIR के तहत दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आ गई है।
उन्होंने दावा किया कि करीब 1.5 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख लोगों के नाम सूची में नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारत सरकार बेवजह जनसंख्या को लेकर परेशान हो रही है। केजरीवाल ने लिखा कि SIR के जरिए चुनाव आयोग देश की जनसंख्या को 140 करोड़ से घटाकर 50 करोड़ कर देगा।
दावा और आपत्ति के लिए 30 सितंबर तक मौका
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि, जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 और संबंधित दस्तावेजों के जरिए अपना दावा दाखिल कर सकते हैं। इसके लिए 30 सितंबर 2026 तक आवेदन करने का मौका दिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक ड्राफ्ट सूची से नाम बाहर होने का मतलब यह नहीं है कि पात्र व्यक्ति का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सकता। दावा दाखिल करने के बाद संबंधित दस्तावेजों और पात्रता की जांच की जाएगी।
अंतिम लिस्ट कब होगी जारी?
निर्वाचन आयोग के अनुसार प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी। इस दौरान संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने और दावों के निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी। दावा-आपत्ति और सत्यापन की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। ऐसे में जिन पात्र मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में नहीं हैं, उनके पास निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा दाखिल कर नाम शामिल कराने का अवसर है।
47.7 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं
दिल्ली में SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची सोमवार को जारी कर दी गई। दिल्ली में कुल 1,45,10,299 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से करीब 47.7 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, SIR के तहत चलाए गए डोर-टू-डोर अभियान के दौरान करीब 97.5 लाख मतदाताओं के गणना फॉर्म ही जमा हो सके और उनका डिजिटाइजेशन किया जा सका। यह दिल्ली के कुल मतदाताओं का करीब 67.18 फीसदी है।
47.7 लाख नाम क्यों हुए गायब?
अधिकारियों का कहना है कि जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म तय प्रक्रिया के तहत जमा या डिजिटाइज नहीं हो सके, उनके नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि इन मतदाताओं का नाम अंतिम मतदाता सूची से स्थायी तौर पर हटा दिया गया है। जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है, उन्हें दावा और आपत्ति दाखिल कर नाम शामिल कराने का मौका दिया जाएगा।
-Legend News

Recent Comments