मथुरा। कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर, मथुरा की ऐतिहासिक शैक्षिक परम्परा में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। लखनऊ स्थित अटल बिहारी चिकित्सा विश्वविद्यालय की एमडी-पीडियाट्रिक्स परीक्षा में कांती देवी मेडिकल कॉलेज की मेधावी छात्रा डॉ. ऋचा ज्योतिभूषण तिवारी ने सर्वोच्च अंक हासिल कर समूचे प्रदेश में अपनी मेधा का परचम फहराया है। डॉ. ऋचा तिवारी को 15 जुलाई को विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की विभिन्न विषयों की मेरिट सूची में कांती देवी मेडिकल कॉलेज की पीजी छात्रा डॉ. ऋचा ज्योतिभूषण तिवारी ने एमडी-पीडियाट्रिक्स विषय में सर्वोच्च अंक हासिल किए हैं। 15 जुलाई को लखनऊ के चक गंजरिया स्थित चरक कन्वेंशन सेंटर (ऑडिटोरियम) में होने वाले दूसरे दीक्षांत समारोह में डॉ. ऋचा तिवारी को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस विषय का रजत पदक डॉ. प्रज्ञा माहेश्वरी के गले सजेगा।

मेधावी डॉ. ऋचा तिवारी की इस शानदार उपलब्धि पर के.डी. विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डीन और प्राचार्य डॉ. रामकुमार अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि हम युवा पीढ़ी को सिर्फ एमबीबीएस की डिग्री हासिल करते नहीं देखना चाहते। मैं चाहता हूं कि यहां से जो बच्चा पढ़-लिखकर जाए वह अच्छा सेवाभावी चिकित्सक बनकर समाज में नजीर स्थापित करे।

प्रो. चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में मेधावी डॉ. ऋचा तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि बेटियों का हर क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन अभिभावकों तथा समाज की सोच बदलने में सहायक साबित हो रहा है। यह खुशी की बात है कि कांती देवी मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी प्रतिवर्ष मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्णिम सफलता हासिल कर नई पटकथा लिख रहे हैं।

डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने डॉ. ऋचा तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि इस शानदार सफलता से कांती देवी मेडिकल कॉलेज अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। डॉ. अशोका ने कहा कि चिकित्सकीय पेशा अंकों से कहीं अधिक सेवाभाव के लिए जाना जाता है लिहाजा हम चाहते हैं कि यहां का प्रत्येक विद्यार्थी चिकित्सा क्षेत्र में सेवाभाव के लिए जाना जाए। मेधावी डॉ. ऋचा ज्योतिभूषण तिवारी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के प्रोत्साहन तथा कांती देवी मेडिकल कॉलेज के अनुशासन, प्राध्यापकों के मार्गदर्शन, पारिवारिक माहौल तथा यहां की उच्चस्तरीय शैक्षिक व्यवस्थाओं को देते हुए कहती हैं कि अब उनका लक्ष्य हर बच्चे को निरोगी तथा उसके चेहरे पर मुस्कान लाना है। 
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).