रिपोर्ट : LegendNews
डीएम ने ग्राम बाद एवं तारसी में किया क्षतिग्रस्त फसलों का स्थलीय निरीक्षण
मथुरा । जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित क्रॉप कटिंग के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील सदर के ग्राम बाद एवं ग्राम तारसी में क्रॉप कटिंग के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया, पारदर्शिता एवं सटीकता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उप जिलाधिकारी सदर/ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन को निर्देशित किया कि क्रॉप कटिंग कार्य पूर्णतः निर्धारित मानकों एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए, जिससे फसल उत्पादन का सही आकलन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्रॉप कटिंग (फसल कटाई प्रयोग) एक वैज्ञानिक पद्धति है जिसका उपयोग किसी क्षेत्र में फसल की वास्तविक उपज का आकलन करने के लिए किया जाता है, जो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा दावों तथा उत्पादन के आँकड़े तैयार करने का मुख्य आधार भी होता है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वयं जरीब / सर्वेयर चैन/ मीट्रिक चैन (10 मीटर भुजा वाली त्रिभुजाकार जंजीर/ 150 कड़ी) के माध्यम से समबाहु त्रिभुजाकार प्लाट बनाते हुए क्रॉप कटिंग के कार्य को संपादित किया।
जनपद में हाल ही में आई तेज़ आंधी, बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने ग्राम बाद एवं ग्राम तारसी में प्रभावित फसलों/ खेतों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने उप जिलाधिकारी सदर / ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन को निर्देश दिए कि सभी किसानों के फसलों का सर्वे का कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उक्त कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करते हुए किसानों को मुआवजा देने की कार्यवाही को ससमय किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वे के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आनी चाहिए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर खेतों में जाकर फसलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षति का आंकलन शीघ्रता से पारदर्शी ढंग से किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को शासन द्वारा निर्धारित राहत सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सके। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निरीक्षण के दौरान मौके पर उपस्थित किसानों से भी संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
- Legend News

Recent Comments