नई दिल्ली। मादीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित पांडवकालीन मादीपुर गांव की पक्की चौपाल में श्रीमद भागवत अमर कथा (ज्ञान अमृत वर्षा) का शुभारंभ 4 मई से हुआ है। यह दिव्य आयोजन 11 मई 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। ग्रामवासियों और भगवत प्रेमियों के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस आध्यात्मिक अनुष्ठान की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से की गई, जिसमें मादीपुर गांव की सैकड़ों महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों और कलशों के साथ भाग लिया। कलश यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु भक्तों ने पुष्पवर्षा और भजन-कीर्तन के साथ स्वागत किया।

इस भागवत अमर कथा का संगीतमय वाचन वृंदावन से पधारे पूज्य आचार्य हरिकांत दीक्षित जी महाराज के मुखारविंद से व्यासपीठ पर किया जा रहा है। पहले दिन की कथा में उन्होंने श्रीमद भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह ग्रंथ केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि आत्मा की मुक्ति और भयमुक्त जीवन की कुंजी है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे राजा परीक्षित ने भागवत कथा सुनकर मृत्यु के भय से मुक्ति पाई और आत्मज्ञान प्राप्त किया। आचार्य जी ने भागवत के प्रथम श्लोक का अर्थ समझाते हुए कहा कि यह श्लोक सच्चिदानंद स्वरूप परमात्मा को समर्पित है, जो सृष्टि की उत्पत्ति, स्थिति और संहार में रत रहते हुए भी सबकुछ से परे हैं।

कथा के पहले दिन भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया गया, जिनमें गोलोकधाम में भगवान का निवास और वहां तक भक्तों के यात्रा मार्ग का उल्लेख किया गया। साथ ही उन्होंने प्रथम स्कंध की व्याख्या करते हुए बताया कि भागवत कथा श्रवण का अधिकार उसी को है जो श्रद्धा और समर्पण से युक्त हो। जैसे राजा परीक्षित को उनके योग्य होने के कारण शुकदेवजी जैसे महान गुरु प्राप्त हुए, वैसे ही जब शिष्य तैयार होता है, गुरु अपने आप प्रकट हो जाते हैं।

कथा में सत्संग की महिमा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आचार्य जी ने बताया कि सत्संग जीवन को बदलने की अद्भुत शक्ति रखता है। उन्होंने नारद जी के उदाहरण का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे एक दासी पुत्र सत्संग के प्रभाव से ब्रह्मर्षि नारद बन गए। इस अवसर पर गांव के प्रमुख समाजसेवियों में हरिओम यादव (श्रीनाथ जी प्रॉपर्टी), धीरज मित्तल,कुलदीप यादव,नवीन यादव,मादीपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव,युवा समाजसेवी राहुल प्रजापति, बिल्लू प्रजापति, विपिन मल्होत्रा, विनोद ठाकुर, महेश प्रजापति चीनू, रामप्रकाश यादव, और आयोजक मंडल के सदस्य पंडित पुरुषोत्तम लाल शर्मा (केनरा बैंक वाले), वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार निर्भय,राजीव शर्मा लालू,अनिल यादव की विशेष उपस्थिति रही। इनके अलावा गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों और सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

इस सात दिवसीय कथा के माध्यम से मादीपुर गांव की पावन भूमि एक बार फिर भक्ति, ज्ञान और सद्भाव की भावना से ओतप्रोत हो उठी है। आयोजकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

-अशोक कुमार निर्भय
वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया सलाहकार,समीक्षक  

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).