रिपोर्ट : LegendNews
करोड़ों रुपये की ठगी में डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को पुलिस का नोटिस
करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप में डायरेक्टर विक्रम भट्ट, उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट समेत इस वक्त 6 लोगों को उदयपुर पुलिस ने नोटिस जारी किया है। ये मामला एक नामी डॉक्टर से फिल्म बनाने के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये ठगने के आरोप से जु़ड़ा है। आरोपियों को इस मामले में 8 दिसम्बर तक पुलिस के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इस मामले में इससे पहले भी एक नोटिस भेजा गया था, जिसका जवाब नहीं दिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक धोखाधड़ी का केस दर्ज होने के बाद इस मामले की जांच कर रही पुलिस ने विक्रम भट्ट के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया। खबर है कि अब अगर उदयपुर पुलिस के नोटिस पर विक्रम भट्ट नहीं पहुंचते हैं तो उनकी गिरफ्तारी संभव है। वहीं खबर है कि इस मामले में भट्ट ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट में ट्रांजिट बेल की अर्जी भी लगा दी है। इस मामले में सभी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
दो आरोपियों को 1 दिसंबर तक रिमांड पर रखा गया है
इस करोड़ों की धोखाधड़ी केस में विक्रम भट्ट के को-प्रोड्यूसर महबूब अंसारी और वेंडर संदीप विश्वनाथ त्रिभुवन को 17 नवंबर को मुंबई से गिरफ्तार किया गया। दोनों को इस मामले में पूछताछ के लिए दोनों आरोपियों को 1 दिसंबर तक रिमांड पर रखा गया है।
विक्रम भट्ट पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी नजर आ रही
विक्रम भट्ट पर इंदिरा आईवीएफ के फाउंडर डॉ. अजय मुर्डिया ने 30 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। फिल्म डायरेक्टर पर आरोप है कि उन्होंने 4 फिल्मों का वादा कर डॉ. अजय मुर्डिया से ऑनलाइन 44.29 करोड़ रुपए लिए। वहीं डॉक्टर को फिल्मों से 200 करोड़ की कमाई का झांसा दिया गया था। इसी दौरान 30 करोड़ की धोखाधड़ी की गई है। अब इस फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद से डायरेक्टर विक्रम भट्ट पर गिरफ्तारी की तलवार लटकी नजर आ रही है। वहीं इस मामले में पीड़ित डॉक्टर और विक्रम भट्ट के बीच डील करवाने वाले उदयपुर के दिनेश कटारिया की तलाश में भी पुलिस जुटी हुई है।
इस केस में कितने नाम हैं शामिल
बताया जा रहा है कि इस केस में विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी के अलावा , मुदित बुटट्टान, गंगेश्वरलाल श्रीवास्तव डीएससी चेयरमैन, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज मुंबई और अशोक दुबे जनरल सेक्रेटरी, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज भी आरोपी हैं।
-Legend News

Recent Comments