रिपोर्ट : LegendNews
सदन में हंगामे पर डिंपल बोलीं: हंगामा कौन कर रहा, हम विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे
संसद के मानसून सत्र में हंगामे का दौर जारी है। 4 अगस्त यानी मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी। विपक्षी हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले दो बजे तक और फिर दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। सदन में ही नहीं बल्कि संसद परिसर में भी विपक्षी सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने संसद में हंगामे पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि हंगामा कौन कर रहा, हम विपक्ष की भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने अमित शाह से संसद में जवाब की मांग भी उठाई।
डिंपल बोलीं, हंगामा कौन कर रहा है
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा कि 'हंगामा कौन कर रहा है? हम चाहते हैं कि गृह मंत्री सदन में आकर जवाब दें, लेकिन कोई नहीं आ रहा है। हम चंदे की चोरी पर चर्चा चाहते हैं। लेकिन ये लोग ऐसा नहीं कर रहे हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि हंगामा नहीं हो रहा है। हम विपक्ष की भूमिका निभाएंगे। आपको सरकार में रहते हुए सरकार की भूमिका निभानी चाहिए।'
राम मंदिर पर सदन में घमासान जारी
विपक्ष का आरोप है कि राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे, दान और भूमि खरीद में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी जांच अब तक पूरी नहीं की गई है। सपा सांसद डिंपल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई, लेकिन उसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि जांच समिति के पास सभी तथ्य और साक्ष्य मौजूद थे, तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
डिंपल यादव ने उठाए ये मुद्दे
डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए की जमीनों की खरीद-फरोख्त में भारी मूल्य अंतर देखा गया।
2 करोड़ रुपए की जमीन 16 करोड़ रुपए में और 5 करोड़ रुपए की जमीन 23 से 30 करोड़ रुपए तक में खरीदी गई।
इस अतिरिक्त राशि का लाभ आखिर किसे मिला और यह पैसा किन खातों में गया।
सपा सांसद ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था और देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। इसलिए मंदिर के नाम पर लोगों के श्रद्धा से दिए गए चढ़ावा और दान का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए।
डिंपल ने कहा कि हमारी की पार्टी नहीं चाहती कि लोगों की धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल किसी संगठन या संस्था को चलाने के लिए किया जाए। जनता ने जिस विश्वास के साथ दान दिया है, उसका सही उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए।
-Legend News

Recent Comments