रिपोर्ट : LegendNews
रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी दिलजीत दोसांझ की पंजाबी फिल्म सरदार जी 3
दिलजीत दोसांझ की आने वाली पंजाबी फिल्म सरदार जी 3 रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। इस बार विवाद की वजह उनकी एक्टिंग या म्यूजिक नहीं, बल्कि फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की कास्टिंग है।
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हानिया के कथित विवादित बयानों के चलते यह माना जा रहा था कि उन्हें फिल्म से बाहर कर दिया गया है। लेकिन 22 जून को जब दिलजीत ने सरदार जी 3 का ट्रेलर जारी किया, तो हानिया आमिर उसमें नजर आईं, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।
सोशल मीडिया पर गुस्सा
ट्रेलर के बाद दिलजीत दोसांझ को सोशल मीडिया पर देशद्रोही कहकर ट्रोल किया जाने लगा। कई यूजर्स ने हानिया के पुराने बयानों को शेयर करते हुए कहा कि पाकिस्तान समर्थक बयान देने के बावजूद उन्हें फिल्म में लिया जाना अपमानजनक है।
एक यूजर ने लिखा, पहलगाम हमले के दो महीने पूरे होने पर ट्रेलर जारी कर दिलजीत ने भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। ये फिल्म सिर्फ विदेशों में रिलीज होगी, लेकिन इससे गुस्सा कम नहीं हुआ।
बॉयकॉट की मांग
कई यूजर्स ने फिल्म को बॉयकॉट करने की अपील की है। एक ने लिखा, जब भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन है, तो फिर दिलजीत ऐसे कलाकारों के साथ काम क्यों कर रहे हैं, चाहे फिल्म विदेश में ही क्यों न रिलीज हो?
फिल्म की रिलीज
फिल्म सरदार जी 3, 27 जून को ओवरसीज मार्केट में रिलीज की जाएगी। भारत में इसका कोई प्रदर्शन नहीं होगा। हालांकि मेकर्स के इस फैसले से भी विवाद शांत होता नजर नहीं आ रहा।
-Legend News

Recent Comments