रिपोर्ट : LegendNews
स्टारडम पर भारी भक्ति, ‘हनुमान अंश’ ने अक्षय और सैफ की ‘हैवान’ का खेल बिगाड़ा
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की इस हफ्ते रिलीज़ हुई फिल्म ‘हैवान’ बुरी तरह से पिट गई है. ये फिल्म ऐसे वक्त पर बॉक्स ऑफिस पर आई जब आस्था और भक्ति से सराबोर फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में रोज़ नए इतिहास बना रही है. इसके अलावा वेब सीरीज से फिल्म में तब्दील हुई ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने भी ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर कदम नहीं जमाने दिए. नतीजा ये रहा कि पहले वीकेंड पर एक अरब से ज्यादा बजट वाली ये फिल्म 12 करोड़ के आंकड़े से भी पीछे रह गई.
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान‘ का निर्देशन मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन ने किया है. फिल्म के ट्रेलर को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन रिलीज़ के फिल्म दर्शकों को थिएटर तक लाने में नाकाम नज़र आ रही है. 11 सितंबर यानी शुक्रवार को पहले दिन फिल्म ने 3 करोड़ कमाए थे. उम्मीद थी कि दूसरे और तीसरे दिन फिल्म की कमाई में उछाल आएगा, पर मामला उल्टा होता चला गया.
बढ़ने की जगह घट गई कमाई
दूसरे दिन शनिवार को ‘हैवान’ के शोज़ में भी गिरावट देखी गई. पहले दिन जहां 7224 शोज़ चलाए गए, वहीं दूसरे दिन ये आंकड़ा 5759 पर आ गया और कमाई 2.5 करोड़ पर आ गई. तीसरे दिन शो में और कमी आई. रविवार को कमाई बढ़ने की उम्मीद होती है, लेकिन ‘हैवान’ ने 4374 शोज़ से रविवार को महज 1.85 करोड़ रुपये का ही बिज़नेस किया. इस तरह फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड में 7.35 करोड़ रुपये का ही नेट कलेक्शन किया. फिल्म की वर्ल्वाइड कमाई भी 11.55 करोड़ रुपये ही रही.
‘हनुमान अंश’ और ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने उबरने नहीं दिया
एक तरफ 130 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म ‘हैवान’ सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए तरसती नज़र आई तो दूसरी तरफ महज 2 करोड़ के बजट में बनी ‘हनुमान अंश‘ रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है. फिल्म ने 38वें दिन यानी रविवार को 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इस फिल्म की कुल कमाई अब वर्ल्डवाइड 268 करोड़ के पार चली गई है. वहीं मिर्जापुर द मूवी ने भी दूसरे रविवार को 13.25 करोड़ का अच्छा बिज़नेस किया है. इसने अब तक दुनियाभर में 266.04 करोड़ कमा लिए हैं.
- Legend News

Recent Comments