रिपोर्ट : LegendNews
राजकीय संग्रहालय मथुरा में देवकी केशोरैया ने किया तीन दिवसीय चित्रांकन शिविर का उद्घाटन
मथुरा। राजकीय संग्रहालय में आज 16 जनवरी 2026 को राज्य ललित कला एकादमी उ0प्र0 के सहयोग से तीन दिवसीय चित्रांकन शिविर का आयोजन का शुभारंभ किया गया जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि देवकी केशोरैया द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

राज्य ललित कला एकादमी के सदस्य एवं शिविर के समन्वयक अनिल सोनी तथा डॉ0 आभा द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 150 फीट लंबे कैनवास पर वंदे मातरम के भावों को चित्रांकन के माध्यम से जीवंत किया जाएगा । यह चित्रांकन उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न आयोजनों के साथ प्रदर्शित किया जाना है। अकादमी द्वारा प्रदेश के पांच स्थानों पर 30-30 फीट के पांच अलग अलग चित्र तैयार किए जाएंगे, जिन्हें बाद में जोड़कर एक विशाल कैनवास बनाया जाएगा। इस क्रम में मथुरा में चित्रांकन का कार्य राजकीय संग्रहालय में किया जा रहा है। इस विशाल एवं अदभुत चित्र को मथुरा और आगरा के कुल पांच कलाकार मिल कर बनाएंगे। श्रीमती खुशबू उपाध्याय सोनी के मेंटोरशिप में कमलेश्वर शर्मा, कमलेश्वर सिंह, हरिओम सिंह, सुदेश कुमार तथा राहुल कुमार द्वारा यह भव्य चित्र तैयार किया जाएगा।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर राष्ट्रभक्ति एवं सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के माध्यम से देशप्रेम, एकता, भारत माता के प्रति श्रद्धा, स्वतंत्रता संग्राम की भावना एवं राष्ट्रीय गौरव को रंगों में उकेरेंगे। यह आयोजन बच्चों, युवाओं तथा समस्त कला प्रेमियों के लिए प्रेरणादायी अवसर होगा, जहाँ वे अपनी रचनात्मकता के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को भी व्यक्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सुरेन्द्र सक्सेना, उपाध्यक्ष, संस्कार भारती, ब्रज प्रांत द्वारा की गयी। इसके अतिरिक्त नीलम सक्सेना, शिव कुमार गुप्ता, अनूप महेश्वरी ने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई गई। संचालन अनिल सोनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मनीष कुमार, प्रशांत श्रीवास्तव, अनितेश वार्ष्णेय, रचना, ज्योति आदि की भूमिका प्रमुख रही।

Recent Comments