देवरिया (उप्र) के फतेहपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए नरसंहार के बाद जिला प्रशासन ने प्रेमचंद यादव के घरवालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रशासन को सूचना मिली है कि प्रेम यादव का मकान खलिहान और सरकारी भूमि पर बना है। राजस्व विभाग की टीम बुधवार को उनके घर पहुंची और जमीन की पैमाइश शुरू कर दी। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगर प्रेम यादव का मकान सरकारी भूमि पर बना होगा तो नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। 
आपको बता दें कि फतेहपुर गांव के लेड़हा टोला में बीते सोमवार को 10 बीघा जमीन को लेकर जबरदस्त हिंसा हुई। इस घटना में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की हत्या कर दी गई। उसके प्रतिशोध में प्रेम यादव के पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के सत्य प्रकाश दुबे के घर पर धावा बोल दिया और पांच लोगों की हत्या कर दी। सत्य प्रकाश दुबे का पूरा कुनबा ही खत्म हो गया। उनके परिवार में दो बेटे ही जिंदा बचे हैं जिनमें से एक अस्‍पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। नरसंहार के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है। पुलिस और पीएसी के जवान गांव में गश्त कर रहे हैं। 
इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मामला दर्ज कराया गया है। इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पहले मुकदमे के तहत दुबे की बड़ी बेटी शोभिता द्विवेदी की ओर से 27 नामजद और 50 अज्ञात सहित 77 लोगों के खिलाफ हत्या और हत्या का प्रयास के अलावा अन्य के तहत FIR दर्ज कराई गई है। दूसरी ओर, प्रतिद्वंद्वी यादव के रिश्तेदार अनिरुद्ध यादव की ओर से दर्ज कराई गई FIR में दुबे, उनकी पत्नी और बच्चों सहित पांच मृतकों को नामजद किया गया है। इस वारदात में दुबे का आठ वर्षीय बेटा अनमोल घायल हो गया। उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अस्पताल में उससे मुलाकात करके उसका हालचाल लिया था। इंस्पेक्टर जिलाजीत सिंह ने कहा कि दुबे और उनके परिवार के चार सदस्यों का सोमवार शाम को रामपुर कारखाना इलाके में पटनवा पुल के पास अंतिम संस्कार किया गया, जबकि यादव की अंत्येष्टि सरयू नदी के पास की गई।
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).