रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- चंद्रयान की लॉन्चिंग और लैंडिंग तो सफलतापूर्वक हो गई लेकिन राहुलयान की 20 साल से न तो लॉन्चिंग हो पाई है न ही लैंडिंग हो पाई है। ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान भ्रष्टाचार के मामले में नंबर एक पर है। राजस्थान में पेपर लीक हो रहे हैं। सीएम गहलोत जिस गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं, उसका क्लच कोई और दबा रहा है। एक्सेलरेटर और कोई दबा रहा है।
राजनाथ रामदेवरा में भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले सभा को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा जोधपुर संभाग में 20 दिन में 51 विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। 
राजनाथ के भाषण की 5 बड़ी बातें...
1. हॉलीवुड फिल्मों के बजट से भी कम में सफलता
5-5 परमाणु परीक्षण इसी भूमि पर हुए हैं। यह भूमि कई मायनों में गौरव बढ़ाने वाली है। 1998 में भारत ने जो छलांग परमाणु परीक्षण कर लगाई थी। उसी तरह की छलांग 23 अगस्त को चंद्रयान-3 ने चांद पर उतरकर लगाई है। भारत चांद पर तो पहुंच गया है। अब 15 लाख किलोमीटर की दूरी तय कर हम आदित्य-L1 से सूर्य की तरफ जा रहे हैं। हॉलीवुड फिल्मों से भी कम बजट में ये काम हमारे वैज्ञानिकों ने किए हैं।
2. नाम बड़े और दर्शन छोटे
पीएम नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए 28 दल एक साथ आए हैं। इस गठबंधन के हालात ऐसे हैं कि नाम बड़े और दर्शन छोटे। इन्हीं के गठबंधन के लोग सनातन धर्म को चोट पहुंचा रहे हैं। कांग्रेस चुप है। राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी इस पर क्यों कुछ नहीं बोल रहे हैं। सनातन धर्म का न कोई जन्म है, न अंत है।
3. 2027 तक हमारी अर्थव्यवस्था टॉप 3 में होगी
2014 में हमारी अर्थव्यवस्था 10वें स्थान पर थी। अब 9 साल बाद भारत अर्थव्यवस्था में 5वें स्थान पर आ गया है। 2027 तक भारत की अर्थव्यवस्था टॉप 3 में होगी। जब हम लोगों की 2014 में सरकार बनी तब 18 हजार गांवों में बिजली नहीं थी। डेढ़ साल में हमारी सरकार ने बिजली पहुंचाने का काम किया है।
जनधन खाते से पैसे सीधे अकाउंट में जाते हैं, जिससे भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो गए हैं। दिल्ली से निकला पूरा पैसा लोगों के पास जाता है। गरीब कल्याण हमारा मंत्र, मिशन है।
4. पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है
भारत अब कमजोर नहीं बल्कि ताकतवार देश है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहले बात नहीं सुनी जाती है, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। भारत की प्रतिष्ठा पूरी दुनिया में बढ़ी है। कोरोना के समय हमारे वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई। आज भारत की स्थिति वैक्सीन के मामले में ऐसी बन गई कि दुनिया के 100 देशों को भारत ने वैक्सीन भेजी।
5. जनता खुद आंकलन करे
56 महीने में 10 लाख मुकदमे हुए हैं। 7650 निर्दोष लोगों की हत्या राजस्थान में हुई है। राजस्थान जैसे हालात कहीं नहीं हैं। 2 लाख में से 31 हजार मामले दुष्कर्म के हैं। छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया है। जोधपुर में पूरे परिवार की हत्या हुई है। उदयपुर में जो हुआ, वो भी सभी को याद है। यह यात्रा परिवर्तन का शंखनाद है। कांग्रेस और भाजपा के शासन का लोग खुद आंकलन करें कि पहले क्या माहौल था और अब क्या माहौल है।
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).