रिपोर्ट : LegendNews
सरकारी अधिकारियों के सांस्कृतिक प्रतिनिधि मण्डल ने किये श्रीबाँकेबिहारी जी के दर्शन
वृन्दावन। गुरुवार को ब्रज भ्रमण के अंतर्गत श्रीधाम वृन्दावन पहुँचे सरकारी अधिकारीजनों के सांस्कृतिक प्रतिनिधि मण्डल ने जन जन के आराध्य ठाकुर श्रीबाँकेबिहारी जी महाराज के दर्शन क़र राष्ट्रोन्नति की प्रार्थना की। इस अवसर पर सम्पूर्ण दल ने श्रीहरिदास पीठाधीश्वर इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया एवं ब्रज संस्कृति के विषय में व्यापक जानकारी जुटाई। भ्रमण के दौरान दल में सम्मिलित विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गणों ने सुप्रसिद्ध श्रीहरिदास पीठ मंदिर एवं प्रेम मंदिर के दर्शन भी किये।
श्रीहरिदास पीठाधीश्वर महाराज से प्राप्त किया आशीर्वाद, जुटाई ब्रज संस्कृति के विषय में गहन जानकारी
उप्र संस्कृति विभाग के पूर्व निदेशक डॉ. प्रद्युम्न सिंह के नेतृत्व में ब्रज भ्रमण पर पहुँचे इस सांस्कृतिक प्रतिनिधि मण्डल में अनिल सूद, प्रबोधकुमार, डॉ. पी. के. शर्मा, डॉ. आर. के. वत्स, सुशील शर्मा, वी. के. अग्रवाल, जे. पी. मिश्रा, बी. के. चोपड़ा, दिनेश गुप्ता, पारितोष शर्मा, श्रीमती सूद, श्रीमती अंजू ठकुराल आदि अनेक वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। उनकी यात्रा का संयोजन क़र रहे उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. उमेश शर्मा एवं गीता शोध संस्थान के समन्वयक चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार उनके साथ मौजूद थे।
सुबह करीब 10 बजे वृन्दावन पहुँचे इस दल ने सर्वप्रथम प्राचीन श्रीहरिदास पीठ मंदिर में संगीत सम्राट श्री स्वामी हरिदास जी महाराज के मनोहारी दर्शन करने के उपरांत श्रीहरिदासबिहारी फाउंडेशन भारत ट्रस्ट व अंतरराष्ट्रीय सेवायत परिषद के संस्थापक श्रीहरिदास पीठाधीश्वर इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और ब्रज संस्कृति के संदर्भ में गहन जानकारी अर्जित की। इस मौके पर सभी अधिकारियों को माला, पटुका, प्रसाद, श्रीस्वामी हरिदास अभिनन्दन ग्रन्थ एवं कथा हरिदासबिहारी की नामक अनुपम साहित्यिक ग्रन्थ सहित श्रीहरिदासबिहारी फाउंडेशन भारत ट्रस्ट परिवार के स्नेह प्रतीक चिन्ह भेंट किये गये।
यहाँ से उक्त दल के सभी सदस्य जन जन के आराध्य ठाकुर श्रीबाँकेबिहारी जी महाराज के दिव्य दर्शनार्थ बिहारीजी मंदिर गये, वहाँ सेवायत आचार्य विप्रांश बल्लभ गोस्वामी ने विधि विधान पूर्वक पूजा अर्चना के साथ आराध्य के दर्शन कराकर अभ्यागतों का स्वागत सत्कार किया। इसके बाद सभी सदस्यों ने प्रेम मंदिर के दर्शन किये।
- Legend News
Recent Comments