नई द‍िल्ली। ऑस्ट्रेलियाई टीम T20 World Cup 2024  के पहले मैच में उतर चुकी है और उसे जीतने में भी कामयाब हो गई है। इस बीच टीम के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर  (David Warner) ने एक और कीर्तिमान रचने का काम किया है। उन्होंने अपने ही पूर्व कप्तान एरॉन फिंच का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को परास्त किया है, उसमें डेविड वार्नर का बड़ा योगदान है। 

ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज बने 

दरअसल अभी तक टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज एरॉन फिंच हुआ करते थे। उन्होंने इस फॉर्मेट में 3120 रन बनाने का काम किया है लेकिन अब डेविड वार्नर उनसे आगे निकल गए हैं। डेविड वार्नर ने अब टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के लिए 3155 रन बना लिए हैं। ओमान के खिलाफ खेली गई पारी के दौरान उन्होंने ये काम कर दिखाया, जहां वे पारी का आगाज करने आए थे और बेहतरीन अर्धशतक लगाने के बाद आउट होकर वापस गए। अब आपको उन प्लेयर्स के बारे में भी जानना चाहिए जिनका नाम इन दोनों के बाद आता है। हालांकि इनके बीच अंतर काफी ज्यादा है। तीसरे नंबर पर ग्लेन मैक्सवेल हैं, जो अब तक 2468 रन बना चुके हैं। वहीं 1462 रन बनाकर शेन वाटसन नंबर चार पर हैं, जो रिटायर हो चुके हैं। 

डेविड वार्नर ने संकट में फंसी टीम को दिया सहारा  
आज के मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी का आगाज करने के लिए डेविड वार्नर और ट्रेविस हेड आए। हेड केवल 12 रन बनाकर चलते बने। वहीं कप्तान मिचेल मार्श भी 14 रन पर आउट हो गए। परेशानी तब बढ़ी जब ग्लेन मैक्सवेल पहली ही बॉल पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। लेकिन अच्छी बात ये रही कि डेविड वार्नर एक छोर संभाले हुए थे। उन्होंने मार्कस स्टॉयनिस के साथ मिलकर टीम के लिए ​साझेदारी की और टीम को संकट से बाहर निकाला। 

मार्कस स्टॉयनिस की ताबड़तोड़ पारी 
डेविड वार्नर ने 51 बॉल पर 56 रन की पारी खेली। इस दौरान 6 चौके और एक छक्का उनके बल्ले से निकला। वहीं स्टॉयनिस ने 36 बॉल पर 67 रन बनाए। उन्होंने दो चौके और 6 छक्के लगाए। डेविड वार्नर की आज की पारी बहुत तेजतर्रार तो नहीं थी, लेकिन मौके की नजाकत को देखते हुए उनकी पारी काफी ज्यादा अहम थी। यही कारण रहा कि संकट में फंसी ऑस्ट्रेलियाई टीम आखिर में 164 रन तक बनाने में कामयाब हो गई। 
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).