रिपोर्ट : LegendNews
गोवध निषेध कानून बनाने की मांग को लेकर गौभक्तों ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
मथुरा। गो सम्मान आहवान हस्ताक्षर अभियान के अन्तर्गत डीग गेट स्थित प्राचीन श्री हनुमान जी मन्दिर में गोभक्तों ने हस्ताक्षर अभियान चलाया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु गोभक्तो ने हस्ताक्षर कर अभियान में अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर गो सम्मान आहवान अभियान के प्रभारी आचार्य ब्रजेन्द्र नागर ने कहा गौमाता से करोड़ों भारतवासियों की श्रद्धा और आस्था जुड़ी हुई है परन्तु दुर्भाग्यवश स्वतंत्रता के बाद जो भी सरकारें आईं उन्होंने राजनीतिक तुष्टिकरण के कारण गौमाता की उपेक्षा की उन्होंने सरकार से गोवध निषेध कानून बनाने की मांग की।
श्री हनुमान मंदिर के अध्यक्ष पदम सिंह ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार गौमाता के सींग पर पृथ्वी टीकी हुई है गौमाता को सम्पूर्ण विश्व की माता कहा जाता है फिर भी भारतवर्ष में हजारों गाय प्रति दिन कत्ल कर दी जाती है सरकार गौमाता की रक्षा के लिए कठोर कानून बनाए।
अजय कुमार शर्मा एवं बलदेव प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि सम्पूर्ण देश में गो सम्मान आहवान अभियान के अन्तर्गत महामहिम राष्ट्रपति एवं माननीय प्रधानमंत्री के नाम हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। 27 जुलाई को जिलामुख्यालय पर जिलाधिकारी के माध्यम से हजारों गोभक्तों द्वारा ग्यारह लाख हस्ताक्षर सहित ज्ञापन दिया जाएगा।
इस अवसर पर डॉ जमुना शर्मा ने कहा कि गौमाता की रक्षा के लिए और गौमाता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए महिलाओं को भी आगे आने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए गो सम्मान आहवान अभियान के प्रचार प्रमुख रामदास चतुर्वेदी पूर्व पार्षद ने कहा कि गौमाता भारत की सांस्कृतिक धरोहर है, गौमाता के पूजन के बिना कोई भी धार्मिक कार्य पूरा नहीं होता है अतः सरकार गोवध निषेध कानून बनाए और गौमाता की रक्षा करे।
इस अवसर पर मुरलीधर चतुर्वेदी, तरुण नागर, मदन लाल शर्मा, नरेश शर्मा, हरिओम सिंह, कैलाश चन्द्र आदि का हस्ताक्षर अभियान में विशेष सहयोग रहा।
- Legend News

Recent Comments