रिपोर्ट : LegendNews
एशिया कप का काउंटडाउन शुरू, चार-चार टीमों के दो ग्रुप में हिस्सा लेंगी 8 टीमें
एशिया कप का काउंटडाउन अब शुरू हो चुका है और नौ सितंबर से इसके मुकाबले शुरू हो जाएंगे। टी20 प्रारूप में खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया है। अब तक मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को छोड़कर अन्य सात टीमों ने इसके लिए टीम का एलान कर दिया है। भारत इस टूर्नामेंट में गत चैंपियन के रूप में उतरेगा जहां उसकी नजरें खिताब बचाने पर टिकी होंगी।
बीसीसीआई है मेजबान
बीसीसीआई इस टूर्नामेंट का मेजबान है। टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में इसलिए हो रहा है, क्योंकि भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के कारण दोनों देशों ने 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर ही मैच खेलने पर आपसी सहमति जताई है। इसी के तहत इसी साल मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी का मेजबान पाकिस्तान था, पर भारत ने सारे मुकाबले दुबई में खेले थे और चैंपियनशिप अपने नाम की थी। एशिया कप का यह संस्करण टी20 प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। चूंकि, अगला आईसीसी टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका में टी20 विश्व कप है, ऐसे में परंपरा के हिसाब से इस बार एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा।
कितने बजे से शुरू होंगे मैच?
एशिया कप के मैचों के समय में परिवर्तन किया गया है। पहले ये मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होने थे, लेकिन स्थानीय समयानुसार अब शाम 6.30 बजे यानी भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होंगे। यूएई की गर्मी के कारण यह फैसला लिया गया है।
भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में शामिल
एशिया कप के लिए भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में शामिल किया गया है। ग्रुप ए में ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, भारत और पाकिस्तान हैं जबकि ग्रुप बी में अफगानिस्तान, हॉन्ग कॉन्ग, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें मौजूद हैं। भारतीय टीम 1984, 1988, 1990/91, 1995, 2010, 2016, 2018 और 2023 में एशिया कप का खिताब जीत चुकी है। भारत सर्वाधिक बार इस टूर्नामेंट को जीतने वाली टीम है।
एशिया कप के लिए भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान और हॉन्ग कॉन्ग ने टीम घोषित कर दी है, लेकिन यूएई की टीम अभी घोषित नहीं हुई है।
-Legend News

Recent Comments