रिपोर्ट : LegendNews
कांग्रेस देश का विश्वास खो चुकी है, राहुल गांधी बार-बार फेल हो रहे हैं: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में बीजेपी की पदयात्रा निकाली। इसके बाद हुई जनसभा में सीएम योगी ने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि आज लोकतंत्र के बारे में कांग्रेस देश को ज्ञान दे रही है। ये वही कांग्रेस है जिसने 1975 में इमरजेंसी लगाई थी। यह वाकई एक हास्यास्पद स्थिति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का हर नागरिक लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह जागरूक है और जानता है कि इसके रास्ते में आने वाली रुकावटों की बेड़ियों को कैसे मजबूती से तोड़ा जाए। फिर भी, कांग्रेस और उसके सहयोगी इस सच्चाई को मानने से इंकार करते हैं। अगर वे चुनाव जीतते हैं तो इसे अपनी काबिलियत का सबूत बताते हैं और अगर हार जाते हैं तो इसका दोष EVM पर मढ़ देते हैं।
राहुल गांधी बार-बार फेल हो रहे हैं
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, कांग्रेस देश का विश्वास खो चुकी है। राहुल गांधी बार-बार फेल हो रहे हैं। कांग्रेस राज में कई घोटाले हुए। आज देश भर में कांग्रेस अराजकता फैला रही है। ये चुनाव जीत जाते हैं तो ईवीएम को सही बताते हैं और हारने पर खराब बताते हैं। भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। आज विपक्ष देश की संवैधानिक संस्थाओं पर बार-बार हमला कर रहा है।
हर जगह विरोध-प्रदर्शन के पीछे कांग्रेस
अपनी जनसभा में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गईं। योगी ने कहा- दिल्ली सहित अन्य जगहों पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों के विरोध-प्रदर्शन के पीछे क्या कारण है? इसका केवल एक ही कारण है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। इसने विरासत और विकास के बीच संतुलन बनाने की यात्रा को शानदार ढंग से आगे बढ़ाया है। वहीं, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल केवल रुकावटें पैदा करने और बाधा बनने का काम करते हैं।
सपा ने राम मंदिर का विरोध जताया
मुख्यमंत्री ने आगे कहा- 500 सालों तक भगवान राम लला को या तो गुलामी के ढांचों के नीचे रहना पड़ा या फिर एक तंबू में। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर का विरोध किया। उन्होंने अदालतों में इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी और सड़कों पर भक्तों का सामना किया। जिस तरह अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है, उसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरे देश में दलितों, गरीबों और वंचितों के लिए 4 करोड़ घर बनाए गए हैं। जिस तरह काशी में काशी विश्वनाथ धाम का विकास किया गया, उसी तरह दिल्ली में भारत मंडपम की स्थापना की गई। जिस तरह केदारनाथ में केदारपुरी का पुनर्निर्माण किया गया, उसी तरह गाजियाबाद में पूर्वांचल और उत्तराखंड भवन बनाए गए हैं।
-Legend News

Recent Comments