रिपोर्ट : LegendNews
स्वदेश लौटे कॉमनवेल्थ गेम्स के विजेता, हवाई अड्डे पर लगे भारत माता की जय के नारे
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ी मंगलवार को स्वदेश लौटे तो इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा जश्न के रंग में रंग गया। एयरपोर्ट परिसर देशभक्ति के गीतों, ढोल-नगाड़ों और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। पदक विजेताओं पर पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, समर्थक और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अपने चैंपियनों का अभिनंदन किया।
खेल राज्य मंत्री ने किया आत्मीय स्वागत
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम स्वयं एयरपोर्ट पहुंचे और पदक विजेता खिलाड़ियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रदर्शन की सराहना की और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाने के लिए बधाई दी। स्वागत समारोह के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
140 करोड़ देशवासियों का बढ़ाया सम्मान
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम के दम पर विश्व मंच पर देश का परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और नए कीर्तिमान स्थापित करने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से 140 करोड़ भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
हरियाणा की खेल नीति का भी किया जिक्र
गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और बेहतर कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार और खेल नीति के तहत सरकारी नौकरी जैसी सुविधाएं देकर उनका भविष्य भी सुरक्षित किया जा रहा है।
ग्लासगो में भारत का दमदार प्रदर्शन
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 39 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन ने एक बार फिर वैश्विक खेल मंच पर देश की बढ़ती ताकत को साबित किया है। स्वदेश लौटे इन खिलाड़ियों के भव्य स्वागत ने उनकी उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ देश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने का संदेश भी दिया।
-Legend News

Recent Comments