रिपोर्ट : LegendNews
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: वेटलिफ्टर चनंबम ऋषिकांत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से भारत के लिए एक और बड़ी और खुशखबरी आई है। भारत के 28 साल के वेटलिफ्टर चनंबम ऋषिकांत सिंह ने मेंस 60 किग्रा कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। यह इस बार के कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का कुल दूसरा मेडल है। इससे पहले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने भारत को पहला ब्रॉन्ज मेडल दिलाया था।
स्नैच राउंड में रिकॉर्ड बनाकर हासिल की थी बढ़त
मैच की शुरुआत में ऋषिकांत ने जबर्दस्त फॉर्म दिखाया। स्नैच कैटेगरी में उन्होंने अपने तीनों प्रयास (116kg, 119kg और 121kg) सफलतापूर्वक पूरे किए। अपने तीसरे प्रयास में 121 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने न सिर्फ अपना पर्सनल बेस्ट दिया, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स का नया स्नैच रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। स्नैच राउंड खत्म होने तक वे मलेशिया के बिन कासदान मोहम्मद अनिक के साथ बराबरी पर टॉप पर बने हुए थे।
क्लीन एंड जर्क का रोमांच और सिल्वर पर कब्जा
क्लीन एंड जर्क राउंड में ऋषिकांत ने अपने पहले प्रयास में 143 किग्रा का भार आसानी से उठाया। हालांकि, दूसरे प्रयास में वे 148 किग्रा उठाने से चूक गए। इसके बाद मलेशियाई खिलाड़ी ने 149 किग्रा उठाकर बढ़त बना ली। गोल्ड जीतने के लिए ऋषिकांत ने अपने आखिरी प्रयास में 151 किग्रा उठाने का बड़ा दांव लगाया, लेकिन वे इसे पूरा नहीं कर सके। ऋषिकांत ने कुल 264 किग्रा (स्नैच 121kg + क्लीन एंड जर्क 143kg) वजन उठाकर सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि मलेशिया के अनिक (273kg) ने गोल्ड जीता।
कौन हैं वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह?
मणिपुर के रहने वाले 28 वर्षीय ऋषिकांत सिंह ने छोटी उम्र से ही वेटलिफ्टिंग की शुरुआत कर दी थी। उन्होंने इंफाल के खुमान लंपक नेशनल स्पोर्ट्स अकादमी से इस खेल की बारीकियां सीखीं। अहमदाबाद में हुई 2025 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने कुल 271 किग्रा वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता और नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स का सीधा टिकट मिला था। वे 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा 2024 के नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उन्होंने 61kg वर्ग में 124kg का नेशनल स्नैच रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में 11वां स्थान हासिल कर वे पहले ही साबित कर चुके हैं कि वे दुनिया के बड़े खिलाड़ियो को सीधी टक्कर दे सकते हैं।
-Legend News

Recent Comments