रिपोर्ट : LegendNews
वृंदावन की मलूक पीठ पहुंचे CM Yogi, बोले- श्रीराम ही भारत के सनातन आदर्श, आस्था और संस्कृति के केंद्र
वृंदावन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन में कहा कि भारत का सनातन राजा केवल भगवान श्रीराम हैं, कोई विधर्मी नहीं हो सकता। संत मलूक दास जयंती कार्यक्रम में उन्होंने तुलसीदास के उदाहरण से रामभक्ति और सनातन परंपरा की महत्ता बताई। सीएम योगी जगद्गुरु संत मलूकदास की 452वीं जयंती महोत्सव में शामिल हुए।
वंशीवट क्षेत्र स्थित मलूक पीठ पहुंचकर सीएम योगी ने समाधि पूजन किया और शिवलिंग पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत का राजा कोई विधर्मी नहीं हो सकता। भारत का एक ही सनातन राजा है। वह भगवान श्रीराम है। उन्होंने कहा कि कहते हैं तुलसी दासजी एक गरीब ब्राह्मण थे, लेकिन उनसे बड़ा धनी कौन जो सबसे बड़े बादशाह के प्रस्ताव को ठुकरा देते हों कि नहीं वह बादशाह को नहीं जानते। वह एक ही राजा को जानते हैं। वह है भारत का सनातन राजा श्रीराम है। उन्होंने श्रीरामचरित मानस के अंदर रामलीला के माध्यम से जिस जन चेतना को जागृत किया। वह हर भारतीय के लिए एक नई प्रेरणा बनी। सीएम योगी आदित्यनाथ का एक माह के अंदर मथुरा का दूसरा दौरा है। इससे पहले सात मार्च को उन्होंने वृंदावन में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक ली थी। संघ प्रमुख भी 24 मार्च को रुक्मिणी विहार स्थित जीवनदीप आश्रम के लोकार्पण समारोह में वृंदावन आए थे। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में भागीदारी के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को खराब मौसम के चलते अपने निर्धारित समय से लगभग दो घंटे देरी से हेलीकॉप्टर द्वारा वृंदावन पहुंचे। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उनका कार्यक्रम यथावत रहा और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पवन हंस हेलीपैड पर उतरा जहां पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक अमले के साथ-साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत योग गुरु बाबा रामदेव, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, ठाकुर मेघश्याम, योगेश नौहवार, महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व मेयर मुकेश आर्य बंधु, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, महानगर अध्यक्ष राजू यादव, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा तथा जिलाधिकारी सीपी सिंह सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को पहले ही घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया था वहीं यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।
हेलीपैड पर औपचारिक स्वागत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिना किसी देरी के सीधे मलूक पीठ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हो गए। वहां उनके स्वागत और कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई थीं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है, जिसमें बड़ी संख्या में संत, महंत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
- Legedn News

Recent Comments