रिपोर्ट : LegendNews
सीएम योगी ने शिक्षामित्रों को दी सौगात; मिलेगा 5 लाख रुपये का सालाना कैशलेस स्वास्थ्य कवर
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में स्पष्ट आह्वान किया कि अब ट्रेड यूनियन वाली सोच और नकारात्मक वृत्ति को पूरी तरह त्याग देना होगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षक या शिक्षा मित्र अगर केवल मांगों पर अड़े रहेंगे और नकारात्मक सोच रखेंगे, तो वे न केवल बच्चों की नींव कमजोर करेंगे बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की पुण्य क्षति कर देंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा नेचर ट्रेड यूनियन जैसा नहीं हो सकता. पहले देश, फिर हम. सकारात्मक भाव के साथ कार्य करने वाले ही अच्छी पीढ़ी तैयार कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपने आपसे कॉम्पिटिशन होना चाहिए. सरकार सकारात्मक सोच के साथ आपके साथ पूरी तरह खड़ी है, इसलिए नकारात्मक भाव बिल्कुल नहीं आने चाहिए.
संवाद और सहयोग से किया समय का समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से चली आ रही आपकी मांग को सरकार ने संवाद और सहयोग के माध्यम से हल किया है, न कि टकराव के रास्ते से. उन्होंने पिछली सरकारों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्होंने बिना नियम-कानून के सहायक शिक्षक के रूप में मान्यता देने का कुत्सित प्रयास किया, जो पूरी तरह नियम-विरुद्ध था. सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गलती के कारण सभी शिक्षा मित्रों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश दे दिया था. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सामने बड़ी चुनौती थी. डेढ़ लाख परिवार भूखों मरने की नौबत पर आ सकते थे. इन्होंने 18-19 वर्षों तक सेवा दी है. उम्र के इस पड़ाव में ये कहां जाते? हमने मंत्रिमंडल में फैसला किया कि इनकी सेवाएं समाप्त नहीं करेंगे, बल्कि इनका सहयोग लेंगे. उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में ही सरकार ने शिक्षा मित्रों का मानदेय साढ़े तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया था. अब और वृद्धि करते हुए इसे 18 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जो अप्रैल महीने से लागू हो गया है.
स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में एक शिक्षा मित्र परिवार आया था, जिसकी बेटी गंभीर रूप से बीमार है. उसकी डायलिसिस की व्यवस्था की मांग पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संवेदना जताई और फैसला किया कि शिक्षा मित्रों को भी प्रधानमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य कवर की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने कहा कि 5 लाख रुपये का सालाना कैशलेस स्वास्थ्य कवर सभी शिक्षा मित्रों को उपलब्ध कराया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी छूटे होंगे, उन्हें भी यह सुविधा दी जाएगी. बेसिक शिक्षा परिषद को तत्काल जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. बहुत शीघ्र एक भव्य समारोह आयोजित कर सभी को यह कार्ड प्रदान किया जाएगा.
बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पैसा चेक या नकद नहीं, सीधे बैंक खाते में जाएगा. उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद को निर्देश दिए कि तत्काल किसी बैंक से समन्वय स्थापित कर सभी शिक्षा मित्रों के खाते खुलवाए जाएं. इससे न केवल मानदेय आएगा, बल्कि 5 लाख से 10 लाख तक का बीमा कवर भी मिलेगा, ताकि कोई दुर्घटना या घटना होने पर परिवार सुरक्षित रहे. मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि सरकार ने शिक्षा मित्रों के लिए यह भी व्यवस्था की है कि उन्हें उनके जिले और नजदीकी विद्यालय में तैनाती दी जाए. खासकर शादीशुदा महिला शिक्षा मित्रों को मायके या ससुराल के निकट विद्यालय में म्यूचुअल ट्रांसफर की सुविधा दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्काल इस समस्या का समाधान निकाला जाए.
शिक्षा क्रांति का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया गया है और यह परिवर्तन साफ दिख रहा है. ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों की हालत बदली गई है. पहले जहां टॉयलेट, पेयजल, फ्लोरिंग, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास की उपलब्धता मात्र 30-36% थी, वह अब 96-99% हो गई है. ड्रॉपआउट दर 19% से घटकर 3% पर आ गई है.
- Legend News

Recent Comments