रिपोर्ट : LegendNews
माटी कला के कारीगरों को मिलेगा 10 लाख का बैंक लोन, सरकार देगी 25% सब्सिडी
आगरा। पारंपरिक माटी कला को बढ़ावा देने और उसके कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने को प्रदेश सरकार ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना में वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में नए उद्योग स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना में पारंपरिक कारीगरों को रोजगार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का बैंक लोन उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना में 25 प्रतिशत अनुदान देगी प्रदेश सरकार
योजना में प्रोजेक्ट लागत का केवल पांच प्रतिशत उद्यमी को लगाना होगा और 95 प्रतिशत राशि का बैंक लोन मिलेगा। प्रदेश सरकार द्वारा पूंजीगत ऋण पर 25 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान के रूप में दी जाएगी। अनुदान राशि तीन वर्ष के लिए ब्याज रहित सावधि जमा रसीद (टीडीआर) के रूप में बैंक में सुरक्षित रहेगी।
मिट्टी के बर्तन, खिलौने, भवन निर्माण सामग्री बनाने के लिए लगा सकेंगे यूनिट
योजना में खिलौना निर्माण, घरेलू उपयोग के उत्पाद मिट्टी का प्रेशर कुकर, सुराही, जग, कुल्हड़, ग्लास, अचारदानी, कप-प्लेट, भवन निर्माण सामग्री और सजावटी सामान गुलदस्ता, गार्डन पाट, बोनसाई पाट, लैंप बनाने के यूनिट लगाई जा सकेगी। 18 वर्ष से अधिक आयु के पात्र अभ्यर्थी माटी कला बोर्ड के पोर्टल upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
- Legend News

Recent Comments