रिपोर्ट : LegendNews
विक्ट्री डे परेड में शी ने कहा, चीन कभी भी किसी धौंस जमाने वाले से नहीं डरता
चीन की विक्ट्री डे परेड में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि 'चीन कभी भी किसी धौंस दिखाने वाले से डरता नहीं है'. शी जिनपिंग अपने भाषण की शुरुआत में कहते हैं, कॉमरेड्स और दोस्तो, हम चीन की जीत की 80वीं वर्षगांठ मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं.
उन्होंने चीन के लोगों से इतिहास को याद रखने की अपील की और कहा कि वे उन दिग्गजों को सम्मान दें जिन्होंने जापान के खिलाफ लड़ाई लड़ी.
शी जिनपिंग ने कहा, इतिहास हमें चेतावनी देता है कि मानवता साथ ही उठती है और साथ ही गिरती है. चीन कभी भी किसी धौंस जमाने वाले से डरता नहीं है और हमेशा आगे बढ़ता रहता है. उन्होंने कहा कि यह एक "नई यात्रा, नया युग" है.
शी जिनपिंग चीन की अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड की मेजबानी कर रहे हैं. यह आयोजन दूसरे विश्व युद्ध के अंत में जापान के चीन में आत्मसमर्पण की 80वीं वर्षगांठ के मौक़े पर हो रहा है.
परेड से पहले शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन एक साथ नज़र आए.
विक्ट्री डे परेड में चीन ने दिखाई अपनी सैन्य ताकत
विक्ट्री डे परेड में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के संबोधन के बाद चीनी सैन्य ताकत दिखाई गई. इसमें परमाणु क्षमता वाली इंटर-कॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल हैं.
चीन की विक्ट्री डे परेड के बाद लंच का आयोजन किया गया. इस दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया को 'कभी भी जंगलराज की ओर नहीं लौटना चाहिए, जहां ताकतवर कमज़ोरों को शिकार बनाते हैं.'
अपने लंच रिसेप्शन भाषण में शी ने सीधे तौर पर किसी पश्चिमी देश का ज़िक्र नहीं किया लेकिन चीनी अधिकारियों ने पहले अमेरिका को "धौंस दिखाने वाला" कहा था. इसकी वजह अमेरिका की ओर से दुनिया भर के देशों पर लगाए गए टैरिफ़ हैं.
शी ने आगे कहा, हम उम्मीद करते हैं कि सभी देश इतिहास से सबक़ लेंगे, शांति को महत्व देंगे और साथ मिलकर काम करेंगे, जिससे कि मानवता के लिए एक उज्जवल भविष्य बनाया जा सके.
अपने भाषण के अंत में शी ने कहा कि वो सारी मानव जाति की ख़ुशहाली की कामना करते हैं.
-Legend News

Recent Comments