रिपोर्ट : LegendNews
बाल विकास विभाग ने रैली निकालकर किया 09वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ
मथुरा। कलेक्ट्रेट सभागार से बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों / सहायिकाओं द्वारा पोषण रैली निकालकर 09वें "राष्ट्रीय पोषण माह" का शुभारंभ किया गया। माननीय विधायक बल्देव श्री पूरन प्रकाश जी एवं जिलाधिकारी श्री चंद्र प्रकाश सिंह जी ने हरी झंडी दिखाकर पोषण रैली को रवाना किया।
रैली के दौरान जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री अरुण कुमार उपाध्याय, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी मथुरा शहर श्री अशोक कुमार सिंह सहित मुख्य सेविकाएं एंव बड़ी संख्या में आंगनबाडी कार्यकत्रियों सम्मिलित रहीं।
राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की मुख्य थीम "हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी" है। अभियान का आयोजन दिनांक 09 सितम्बर 2026 से 08 अक्टूबर 2026 के मध्य किया जायेगा। इस माह के पोषण माह की मुख्य थीम निम्नवत् निर्धारित की गयी है:-
1- आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन।
2- आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ताजा पका भोजन।
3- सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही।
4- बाल विकास हेतु पोषण एंव उद्दीयन।
5- प्रधानमंत्री मातृत्व वन्दना योजना।
कन्वर्जेन्स विभागों के सहयोग से निर्धारित साप्ताहिक थीम के अनुसार आंगनबाडी केन्द्रों पर स्थानीय एंव सुलभ खाद्य पदार्थों से निर्मित व्यंजन प्रदर्शन, पोषण मेला आयोजन एंव सन्तुलित आहार परामर्श, प्रोटीन थाली प्रतियोगिता, ई०सी०सी०ई० दिवस का आयोजन, अन्न प्रशन्ना, गोदभराई दिवस, पोषण रंगोली आयोजन, टीकाकरण शिविर, प्रसव पूर्व जांच एंव वी०एच०एस०एन०डी० का आयोजन, साईकिल रैली, पदयात्रा, प्रभात फेरी, खेल दिवस आदि गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। प्रतिभागियों द्वारा “सही पोषण—देश रोशन”, “पोषण है आधार, स्वस्थ जीवन का अधिकार” सहित विभिन्न जन-जागरूकता संदेशों के माध्यम से लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि जनपद में जन-जागरूकता एवं पोषण के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण रैली का आयोजन किया गया है। रैली के माध्यम से लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार में पोषण संबंधी जागरूकता आवश्यक है। कुपोषण की रोकथाम के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने हेतु जिलाधिकारी ने सभी को निर्देशित किया।

Recent Comments