मथुरा। श्रीकृष्ण-जन्मभूमि पर मनाये जाने वाले विशेष पर्व/महोत्सव की श्रृंखला में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) की प्रतिपदा तद्नुसार आज दिनांक 17 मई 2026 (रविवार) को श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर  अन्नकूट-छप्पनभोग महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । 

इस संबंध में श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान द्वारा जारी की गयी विज्ञप्ति के अनुसार-आज रविवार की प्रातः से ही श्रीकृष्ण-जन्मस्थान परिसर अन्नकूट/छप्पनभोग महोत्सव के रंग में डूबा हुआ था। जन-जन के आराध्य भगवान श्रीगिरिराज जी के संपूर्ण प्रांगण को जहॉं विद्युत सजावट से सुसज्जित गया, वहीं ठाकुरजी के बंगले में अधिकाधिक फूल-पत्ती, गुलदस्ते आदि का प्रयोग किया गया।  

श्रीकृष्ण-जन्मस्थान के पवित्र प्रांगण में स्थित श्री गिरिराजजी महाराज को सांय 4 बजे अर्पित दिव्य छप्पनभोग के मध्य विराजमान होकर ठाकुरजी भक्तों पर अनवरत रूप से अमृत की वर्षा कर रहे थे।  भव्य पुष्प-बंगले के मध्य श्री गिरिराजजी का अद्भुत श्रृंगार एवं पोशाक भक्तों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षि‍त कर रहे थे।  ठाकुरजी को अर्पित  दिव्य छप्पनभोग  भक्तों  को द्वापरकालीन  भोग अर्पण का स्मरण करा रहा था।  ठाकुरजी की ऐसी दिव्य मनोहारी झॉंकी में दर्शन कर श्रद्धालुगण अभिभूत हो उठे।  

आज प्रातः 9 बजे श्रीगिरिराजजी का पंचगव्य से मंदिर के पूजाचार्यों द्वारा अभिषेक किया गया। सभी  श्रद्धालुओं को वृहद रूप से प्रसाद वितरण किया।  ठाकुरजी के दर्शन एवं प्रसाद गृहण करने हेतु श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर प्रांगण में देखीं गयी। ठाकुरजी के अन्नकूट प्रसाद को पाकर श्रद्धालुगण स्वयं को धन्य मान ठाकुरजी की जय-जयकार कर रहे थे। श्रीकृष्ण-जन्मस्थान का संपूर्ण परिसर श्रीगिरिराज जी के जयकारों से गूंज रहा था।

इस अवसर पर श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के पदाधिकारी/कर्मचारीगण पूर्ण मनोयोग से जुटे रहे।
- Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).