इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल और लंबे समय तक चलने वाली साझेदारियों में से एक का आखिरकार अंत हो गया है। चेन्नई सुपर किंग्स और उनके हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से एक-दूसरे से अलग होने का बड़ा फैसला किया है। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लगातार फ्लॉप शो के कारण यह फैसला लेते हुए एमएस धोनी से सबसे करीबी की बलि चढ़ा दी है। सीएसके मैनेजमेंट और फ्लेमिंग के बीच कई दौर की खुली और ईमानदारी से हुई बातचीत के बाद सम्मान और आभार के साथ यह ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। अब माना जा रहा है कि एमएस धोनी की भुमिका में भी कुछ बदलाव आ सकता है। इसके अलावा हेमंग बदानी का नाम भी सामने आ रहा है।
चेन्नई सुपर किंग्स को दिलाई 7 ट्रॉफी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग साल 2008 में आईपीएल के उद्घाटन सत्र के दौरान बतौर खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े थे। इसके ठीक बाद साल 2009 में उन्होंने टीम के हेड कोच की कमान संभाली। पिछले 18 सालों के दौरान फ्लेमिंग ने अपनी रणनीतियों के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स को फ्रेंचाइजी क्रिकेट की दुनिया में सबसे सम्मानित और निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीम के रूप में स्थापित किया। 
स्टीफन फ्लेमिंग के कोच रहते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने सफलता के उन शिखरों को छुआ, जो किसी भी टी20 टीम के लिए एक सपना है। उनके 17 साल के कोचिंग कार्यकाल में सीएसके का रिकॉर्ड बेहद बेमिसाल रहा है, फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने रिकॉर्ड 5 बार आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम की। इसके साथ ही टीम ने 2 बार चैंपियंस लीग टॉफी (CLT20) का खिताब भी जीता। फ्लेमिंग की देखरेख में चेन्नई की टीम ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई, जबकि टीम रिकॉर्ड 10 बार आईपीएल के फाइनल मुकाबले में उतरी।
विदाई पर बेहद भावुक हुए स्टीफन फ्लेमिंग
चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने भी फ्लेमिंग के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ क्रिकेट खेलना नहीं सिखाया, बल्कि सीएसके की संस्कृति को विनम्रता और निरंतरता के साथ खड़ा किया। इंसानों को समझने और खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर निकालना उनकी सबसे बड़ी ताकत थी। विदाई पर खुद स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, 'खेल की दुनिया में 18 साल का समय एक पूरी जिंदगी की तरह होता है, और मैं यहां से केवल आभार के साथ विदा ले रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया मेरा समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा विशेषाधिकार रहा है। हमने साथ मिलकर कई जीतों का जश्न मनाया, कठिन समय का सामना किया और ऐसी यादें बनाईं जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी।'
एमएस धोनी को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी को इस फैसले के बाद चेन्नई सुपर किंग्स नई जिम्मेदारी सौंप सकती है, दरअसल एमएस धोनी 45 साल के हो गए हैं और वह मैच खेलने के लिए पूरी तरह से फिट भी नहीं हैं। इसके अलावा हाल ही में खेले गए आईपीएल 2026 में एमएस धोनी इंजरी के कारण एक भी मैच नहीं खेल सके। ऐसी स्थिति में माना जा रहा है कि एमएस धोनी को टीम नई जिम्मेदारी के साथ टीम का नया हेड कोच बना सकती है। 
हेमंग बदानी बन सकते हैं नए हेड कोच
स्टीफन फ्लेमिंग के चेन्नई सुपर किंग्स का साथ छोड़ने के बाद, फ्रेंचाइजी ने नए मुख्य कोच की तलाश तेज कर दी है। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि भारत के पूर्व क्रिकेटर हेमांग बदानी अब चेन्नई सुपर किंग्स के कोचिंग स्टाफ में शामिल होने की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं। बदानी पिछले दो सीजन (2025 और 2026) से आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे। उनके मार्गदर्शन में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन मिला-जुला रहा, जहां टीम 2025 के सीजन में पांचवें और 2026 के सीजन में छठे स्थान पर रही थी। बदानी के पहले सीजन में दिल्ली की टीम बेहद करीबी अंतर से प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी। अब दिल्ली का सफर खत्म करने के बाद, बदानी के पास अपनी पुरानी घरेलू टीम चेन्नई के साथ एक नई और बड़ी पारी शुरू करने का शानदार मौका है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).