रिपोर्ट : LegendNews
केंद्र सरकार का सख्त कदम: NEET UG 2026 हुआ रद्द, NTA की घोषणा
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के आरोपों के बीच केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने घोषणा की है कि अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी है। इस फैसले के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। महीनों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले छात्र अब दोबारा तैयारी करने को मजबूर होंगे जबकि पूरे देश में परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
CBI करेगी मामले की जांच
इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने का निर्णय लिया है। एजेंसी ने कहा है कि वह CBI को हर तरह का सहयोग देगी और जांच के लिए जरूरी सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगी।
NTA ने यह भी साफ किया कि यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और उनके परिवारों को होने वाली परेशानियों को एजेंसी ने स्वीकार किया, लेकिन कहा कि लंबे समय तक भरोसा कायम रखना इससे ज्यादा जरूरी है।
दोबारा नहीं कराना होगा रजिस्ट्रेशन
छात्रों के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा। मई 2026 परीक्षा चक्र का पूरा डेटा- जिसमें उम्मीदवारों की जानकारी और चुने गए परीक्षा केंद्र शामिल हैं, जैसे का तैसा रखा जाएगा। इसके अलावा किसी भी तरह की अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी और पहले से जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा।
NTA की पेरेंट्स से अपील
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें। इस फैसले के साथ ही NEET-UG 2026 विवाद ने बड़ा मोड़ ले लिया है। अब सभी की निगाहें नई परीक्षा तारीखों और CBI जांच के निष्कर्षों पर टिकी हैं, जो इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाएंगे।
-Legend News

Recent Comments