रिपोर्ट : LegendNews
मध्य प्रदेश के उमरिया में खड़े ट्रक से जा टकराई कार, चार लोगों की मौके पर ही मौत
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर भरौला स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के समीप सुबह करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान खुशबू मार्को (22 वर्ष), रुद्र प्रताप (3 वर्ष), कुलपत सिंह (37 वर्ष) और सविता सिंह के रूप में हुई है। सभी अनूपपुर जिले के ग्राम लीला के निवासी बताए गए हैं। वहीं प्रियंका सिंह (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार शहडोल क्षेत्र की बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। कार में फंसे एक युवक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घटना के बाद कार चालक के मौके से फरार होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचने के लिए रवाना हो गए। एक ही दुर्घटना में चार लोगों की मौत से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
-Legend News

Recent Comments