रिपोर्ट : LegendNews
मुड़िया मेला से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान, 14 नमूने जांच को भेजे
मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। राज्य के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन निदेशालय एवं जिलाधिकारी के आदेश का अनुपालन करते हुए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेन्द्र प्रताप सिंह, के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
एक अभियान के तहत आगामी मुड़िया मेला को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों के विक्रय पर प्रभावी रोकथाम हेतु गोवर्धन क्षेत्र से सौंफ, ग्रीन चिली सॉस, सरसों का तेल, रिफाइण्ड सोयाबीन ऑयल, अरहर दाल व मूंग दाल का एक-एक नमूना लिया गया। इसके अलावा छाता क्षेत्र से बेसन, चीनी व भुना चना का एक-एक नमूना तथा जन्मभूमि के पास से मिश्रित दूध, बद्री नगर मथुरा से मिश्रित दूध व वेज बिरयानी का एक-एक नमूना, इण्डस्ट्रियल एरिया साइट बी, मथुरा से टोमेटो कैचप व ग्रीन चिली सॉस का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया।
इस तरह अभियान में कुल 14 नमूने संग्रहित किये गए। उक्त संग्रहित खाद्य नमूने विश्लेषण हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किये जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी। खाद्य सचल दल में जितेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, भरत सिंह तथा मोहर सिंह कुशवाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
- Legend News

Recent Comments