पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार बनने और बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट के विस्तार के बाद अब उत्तर प्रदेश से बड़ी खबर आ रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार रविवार को हो सकता है. इस दौरान छह नये चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है. 
कैबिनेट फेरबदल की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आज शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे. उनकी ये मुलाकात शाम 6:30 बजे होगी. माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा हो सकती है. 
उत्तर प्रदेश सरकार में इस वक्त कुल 54 मंत्री हैं. इनमें से 21 कैबिनेट मंत्री हैं, 14 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हैं और 19 राज्य मंत्री हैं. राज्य में विधानसभा की 403 सीटों के हिसाब से अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं. ऐसे में छह सीटें खाली हैं. बताया जा रहा है कि इन खाली सीटों पर नए मंत्रियों को मौका दिया जा सकता है.  
इस कैबिनेट विस्तार में मंत्री पद पाने वाले संभावित नामों में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है. इनके अलावा चायल से विधायक पूजा पाल, ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडे भी संभावित लिस्ट में हैं. 
योगी कैबिनेट विस्तार में मंत्री पद पाने वाले अन्य संभावित चेहरों में तेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान, हरदोई के मल्लावां से एमएलए आशीष सिंह आशु और विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया को शामिल बताया जा रहा है.
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी में चुनाव होने वाले हैं. माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार में आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर क्षेत्रीय जातीय समीकरणों को भी साधने का प्रयास किया जा सकता है.  
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).