रिपोर्ट : LegendNews
गेंदबाजी कोच का बयान: सूर्यवंशी को ऑलराउंडर बनाने की अभी कोई योजना नहीं
भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम के स्टैंड-इन गेंदबाजी कोच सुनील जोशी ने बड़ा बयान दिया है। जोशी ने साफ कर दिया कि अभी युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को ऑलराउंडर बनाने की कोई योजना नहीं है।
15 वर्षीय इस बल्लेबाज का मुख्य फोकस बल्लेबाजी पर ही रहेगा। जोशी ने कहा, वैभव बल्लेबाजी पर ध्यान दें। वो शानदार फॉर्म में है। हरारे उनके लिए शुभ जगह है। अंडर-19 विश्व कप फाइनल में भी उसने अच्छा प्रदर्शन किया था। जोशी ने बताया कि वैभव की गेंदबाजी पर काम बाद में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, जब समय मिलेगा तब हम वैभव के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में काम करेंगे। अभी उसकी बल्लेबाजी पर फोकस करें।
अन्य खिलाड़ियों पर जोशी की राय
जोशी ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी गेंदबाजी पर काफी मेहनत कर रहे हैं और पिछले कुछ सालों में काफी सुधार हुआ है। जोशी ने कहा- अभिषेक, तिलक वर्मा और वैभव तीनों अच्छे गेंदबाज हैं। अभिषेक ने बहुत सुधार किया है। कोच हमेशा उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं।
तिलक वर्मा के बारे में जोशी ने कहा कि टीम मैनेजमेंट उनके साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, तिलक को पार्ट टाइम गेंदबाज के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। हम उनसे बात करते हैं कि ज्यादा रन न दें, ज्यादा डॉट बॉल डालें और बेसिक्स पर फोकस रखें।
जोशी ने ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, सूर्यांश अपनी जगह बना रहा है। हार्दिक पांड्या ने बनाई, शिवम दुबे ने बनाई। सूर्यांश उभरता टैलेंट है। हमें उसके साथ धैर्य रखना होगा। वो टी20 फॉर्मेट के लिए अच्छी चीजें कर रहा है।
-Legend News

Recent Comments