रिपोर्ट : LegendNews
राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बहकावे में ना आएं बीएलओ, केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। एसआईआर की प्रक्रिया में लगे कर्मियों और अधिकारियों के दबाव को देखते हुए समय सीमा को 7 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। हालांकि, कई जिलों में एसआईआर प्रक्रिया में लगे बीएलओ की मौत हो जाने के कारण विपक्ष ने सरकार पर हमला बोल दिया है। इसी बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी बीएलओ से बड़ी अपील कर दी है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोई भी बीएलओ राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बहकावे में ना आएं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सभी बीएलओ से अपील है कि वो पूरी हिम्मत के साथ अपने कर्तव्य का पालन करें। यह अभियान कुछ समय के लिए है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराने का महत्वपूर्ण दायित्व उनके कंधे पर है। इसके साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कोई भी बीएलओ हताश और निराश ना हो। ना ही कोई राहुल गांधी या अखिलेश यादव के बहकावे में आए, क्योंकि ये लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं, अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं।
बिहार की जनता ने विपक्ष को जवाब दे दिया है
केशव प्रसाद मौर्य ने इस दौरान विपक्षी दलों पर करारा हमला भी बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आचरण से बिहार की जनता बेहद नाराज थी। जनता ने विधानसभा चुनाव में सबक सिखाने का काम किया है। विपक्ष के आचरण से पूरा देश गुस्से में है, क्योंकि एसआईआर की प्रक्रिया लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण जरूरी है। जिन वोटरों की मौत हो चुकी है, जो फर्जी वोटर हैं या फिर घुसपैठिए वोटर बने पड़े हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट से हटना चाहिए।
विपक्ष को ही नुकसान होगा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वोटर लिस्ट से डुप्लीकेट वोटर भी हटना चाहिए। इनकी जगह वो युवा वोटर, जो अभी तक वोटर नहीं बन पाए हैं, उनका नाम वोटर लिस्ट में जुड़ना चाहिए। इसके अलावा केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, आरजेडी समेत तमाम विपक्षी दल अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। इससे विपक्षी दलों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि जनता बहुत जागरूक है। बता दें कि एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्षी दल लगातार हमलावर है। सपा ने SIR की समय सीमा तीन महीने के लिए बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन सिर्फ 7 दिन बढ़ाई गई है।
-Legend News

Recent Comments