भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में अफ़ग़ानिस्तान के मुद्दे पर पाकिस्तान को लेकर बयान दिया है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पार्वथनेनी ने कहा कि अपने ही देश के भीतर सक्रिय समूहों को 'फ़ितना अल हिंदुस्तान' कहने का पाकिस्तान का फ़ैसला 'आधिकारिक तौर पर प्रायोजित दुष्प्रचार' है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि पिछले साल पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय सभी आतंकवादी समूहों और संगठनों को आधिकारिक तौर पर 'फ़ितना अल हिंदुस्तान' घोषित किया था.
पाकिस्तान ने बिना कोई सबूत दिए आरोप लगाया था कि ये संगठन 'भारत के इशारे पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल' हैं.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारतीय राजदूत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के सैन्य हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की.
भारत का कहना है कि इन हमलों से बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हो रहे हैं और अफ़ग़ान जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
पार्वथनेनी ने कहा, मैं फिर दोहराना चाहता हूं. किसी नरसंहार को सैन्य अभियान का नाम दे देने से ज़िम्मेदार पक्ष दोषमुक्त नहीं हो जाता. नागरिकों की हत्या करना, उन्हें घायल करना और बच्चों को अनाथ बनाना आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं है.
भारतीय राजदूत ने कहा, अपनी नाकामियों के लिए पड़ोसी देशों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है. दुनिया को गुमराह करने की यह कोशिश नाकाम होगी. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).