रिपोर्ट : LegendNews
2 बार आंवला सीट से सांसद रहे बीजेपी के धर्मेंद्र कश्यप सपा में शामिल हुए
यूपी चुनाव 2027 से पहले ही बीजेपी को बड़ा झटका लग गया है। आंवला सीट से दो बार के बीजेपी से सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी से इस्तीफा देकर सपा ज्वाइन कर ली। रविवार को उन्होंने लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान धर्मेंद्र कश्यप के साथ उनकी बेटी भी मौजूद रही।
अखिलेश यादव ने किया X पर किया पोस्ट
रविवार को पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर की। अखिलेश यादव ने कहा कि मित्राचार भेंट! उत्तर प्रदेश की आंवला लोकसभा सीट से दो बार के सांसद धर्मेंद्र कश्यप जी से मिलकर ‘पीडीए आंदोलन’ को और भी समर्थ, सशक्त और सक्रिय बनाने के लिए संयुक्त प्रयासों पर चर्चा हुई। पीडीए ही हर ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ को मान-सम्मान और स्थान दे सकता है।
पहले ही दे दिए थे संकेत
सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी को सपा के टिकट पर यूपी चुनाव लड़वाने की तैयारी कर रहे हैं। यही नहीं लगभग उनकी बेटी का टिकट तय माना जा रहा है। बीजेपी की ओर से राज्यसभा के लिए जारी की गई लिस्ट के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने पोस्ट किया था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा था कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में सिर्फ 'टाटा बाय-बाय' लिखा था। उनकी सोशल मीडिया पोस्ट के बाद तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी थीं, लेकिन अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है।
दो बार सांसद रहे
आने वाले दिनों में जल्द ही सपा की ओर से पार्टी कैंडिडेट की लिस्ट जारी हो सकती है। ऐसे में ये देखना अहम रहेगा कि क्या धर्मेंद्र कश्यप की बेटी को सपा से टिकट मिलता है या नहीं। हालांकि, सियासी गलियारे में उनकी बेटी का टिकट लगभग तय माना जा रहा है। बता दें कि धर्मेंद्र कश्यप 2014 और 2019 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते थे। 2024 में धर्मेंद्र कश्यप को हार मिली थी। राज्यसभा भेजे जाने वाले सदस्यों में उनके नाम की भी चर्चा हो रही थी, लेकिन जारी की गई लिस्ट में उनका नाम नहीं था।
-Legend News

Recent Comments