रिपोर्ट : LegendNews
कांशीराम जी के सामाजिक न्याय के संकल्प को आगे बढ़ा रही भाजपा: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास, 7 कालिदास मार्ग पर सामाजिक न्याय के प्रतीक मान्यवर कांशीराम जी की पुण्यतिथि पर उनके स्मृति-चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मान्यवर कांशीराम जी ने सामाजिक समानता, वंचित वर्गों के अधिकारों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सम्मानजनक भागीदारी के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनके विचार सामाजिक न्याय और समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को आर्थिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के मकान, आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा तथा अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से शिक्षा में आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के जरिए कौशल विकास, रोजगार और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, पीएम-सूरज पोर्टल जैसी पहल वंचित वर्गों को ऋण सहायता और स्वरोजगार से जोड़ने में सहायक हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक समरसता, समान अवसर और सर्वसमावेशी विकास को मजबूत करना ही मान्यवर कांशीराम जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
- Legend News

Recent Comments