रिपोर्ट : LegendNews
साधु-संतों को राम मंदिर से चोरी करते दिखाने पर भाजपा का अखिलेश पर हमला
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राम मंदिर चोरी मुद्दे से जुड़ा एक एआई वीडियो भी चलवा दिया। इसमें दिखाया गया है कि साधु-संत राम मंदिर के खजाने से चोरी कर रहे हैं। इस वीडियो को चलाए जाने के दौरान अखिलेश यादव भी मुस्कुराते हुए इसे देख रहे थे। अब इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने हमला बोल दिया है।
भाजपा ने बोला हमला
यूपी भाजपा की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट पर अखिलेश यादव पर निशाना साधा गया है। इसमें कहा गया है कि अब अखिलेश यादव ने अपना मुखौटा स्वयं उतारकर फेंक दिया है। अब उन्होंने लकीर भी खींच दी है। प्रदेश की जनता के सामने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि उनकी मूल विचारधारा क्या है?
प्रेस कॉन्फ्रेंस करके साधु-संतों, सनातन परंपरा और करोड़ों सनातनियों की आस्था का जिस प्रकार अपमान किया गया, वह उनकी सनातन विरोधी सोच का सार्वजनिक प्रदर्शन है।
राम मंदिर चोरी मामले पर चलाए जा रहे वीडियो के दौरान सपा अध्यक्ष के मुस्कुराने पर भी यूपी भाजपा की ओर से तंज कसा गया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि ऊपर से ये मुस्कान, मानो साधु-संतों और सनातन के अपमान पर उन्हें गर्व हो। दरअसल, राम मंदिर चोरी मामले में एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर दान गणना कार्य में लगे आठ आरोपियों पर केस दर्ज कर जेल भेजा गया है। हालांकि, इस पर राजनीति जारी है।
उधर अखिलेश यादव से जुड़े विवादित मामलों को लेकर लगातार एआई वीडियो सामने आ रहे हैं। इन एआई वीडियो पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरी नाराजगी जताई है।
अखिलेश की चेतावनी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सपा एवं खुद के ऊपर बने एआई वीडियो और मीम्स को लेकर भाजपा को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा पैसे खर्च कर मेरे खिलाफ एआई कैंपेन चला रही है। अब हम भी एआई से वीडियो बनवाएंगे तो उन लोगों को बहुत बुरा लगेगा। सपा अध्यक्ष ने ऐलान किया कि शिक्षक दिवस पर समाजवादी पार्टी बंद किए गए 26 हजार स्कूलों पर कार्यक्रम करेगी।
अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष को बदनाम करने के लिए एआई वीडियो बनाकर प्रसारित करा रही है। हद तो ये हो गई कि वे डिंपल यादव के लिए भी बना रहे हैं। भाजपा ये बचपना बंद करे। हमें तो किसी ने फ्री में बनाकर भेज दिया है। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी जोरदार हमला बोला।
सोशल मीडिया पर बढ़त की होड़
यूपी चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी लगातार एआई वीडियो के जरिए अपने चुनावी कैंपेन को आगे बढ़ती दिख रही हैं। कई एआई वीडियो में अखिलेश यादव पर समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान कानून व्यवस्था से लेकर महिला सुरक्षा तक के मुद्दे पर निशाना साधा गया है। इसके अलावा कई अन्य विवादित मुद्दों पर भी एआई वीडियो बनाए गए हैं। इस पूरे खेल के पीछे की वजह सोशल मीडिया पर पार्टी की छवि को बेहतर बनाना माना जा रहा है। युवाओं के बीच पहुंचने में ये वीडियो बड़े कारगर साबित हो रहे हैं और चर्चा का विषय बन रहे हैं।
-Legend News

Recent Comments