रिपोर्ट : LegendNews
पश्चिम बंगाल और असम में नई सरकार के गठन को भाजपा ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक
पश्चिम बंगाल और असम में नई सरकार के गठन के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के सीएम मोहन चरण मांझी पश्चिम बंगाल के पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। असम के लिए जेपी नड्डा और हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी पर्यवेक्षक होंगे। अमित शाह अगले 2-3 तीनों में कोलकाता जाएंगे और विधायकों से बातचीत करेंगे। पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। पहले शपथ समारोह रवींद्रनाथ टैगोर के जन्मदिन यानी 7 मई पर होने की चर्चा सामने आई थी। पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। पार्टी को 206 सीटें हासिल हुई है जबकि टीएमसी को 82 सीटें मिली हैं।
कौन कहां का पर्यवेक्षक बना
पश्चिम बंगाल-अमित शाह, मोहन मांझी
असम- जेपी नड्डा, नायब सैनी
बंगाल के सीएम को लेकर सस्पेंस
पश्चिम बंगाल में सीएम पद की दौड़ में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे हैं। ममता बनर्जी 15 साल तक राज्य की मुख्यमंत्री रहीं। ऐसे में चर्चा हो रही है कि क्या बीजेपी भूमिपुत्र सुवेंदु अधिकारी पर दांव खेलेगी या फिर किसी महिला को आगे करेगी। महिला सीएम होने की चर्चाओं ने कोलकाता से लेकर दिल्ली तक राजनीति को गरमा दिया है। सुवेंदु अधिकारी के अलावा कुछ और नाम भी चर्चा में हैं। इनमें प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, पूर्व बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष का नाम शामिल है। महिला सीएम के लिए रूपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल का नाम चर्चा में है। सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भबानीपुर से जीत हासिल की है।
सुवेंदु सीएम या महिला पर दांव
बंगाल में इतिहास में अभी तक कुल आठ मुख्यमंत्री हुए हैं इनमें ममता बनर्जी इकलौती महिला सीएम हैं। ऐसे में चर्चा है कि महिलाओं के मजबूत नेटवर्क और वोटबैंक को देखते हुए क्या बीजेपी महिला को मुख्यमंत्री बनाएगी या फिर सुवेंदु ही सीएम बनेंगे। पिछली बार ममता बनर्जी ने पांच मई को शपथ ली थी। वह कुल 15 साल राज्य की सीएम रहीं। पश्चिम बंगाल के पहले सीएम होने का गौरव बिधान चंद्र राय को है। प्रफुल्ला चंद्र सेन दो बार सीएम बने जब कि अजॉय मुखर्जी तीन बार सीएम की कुर्सी पर बैठे। इसके बाद सिद्धार्थ शंकर रे और फिर ज्योति बसु मुख्यमंत्री बने। ज्योति बसु के बाद बुद्धदेब भट्टाचार्य बंगल के सीएम रहे।
-Legend News

Recent Comments