मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटों में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के ‘अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफ़ान’ में तब्दील होने की आशंका है.
विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफ़ान बिपरजॉय बहुत भीषण रूप में 15 जून तक पाकिस्तान और इससे सटे सौराष्ट्र और कच्छ के तट पर पहुंच सकता है.
तूफ़ान बीते छह घंटे से पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा है. लेकिन अगले कुछ घंटों में अरब सागर में इस कारण हवाएं 155 से 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ले सकती हैं. आगे बढ़ते हुए हवाओं की गति 190 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
अरब सागर में पिछले कुछ दिनों से 'चक्रवातीय गतिविधि' देखी जा रही है. धीरे-धीरे शक्तिशाली हो रहा चक्रवात बिपरजॉय आने वाले दिनों में गुजरात तट के बेहद क़रीब आ जाएगा.
तूफ़ान से पैदा हुए हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने गुजरात के तटीय इलाकों में मछुआरों के लिए एडवाइज़री जारी की है. मछुआरों को 15 जून तक पश्चम-मध्य अरब सागर और 12 से 15 जून तक उत्तरी अरब सागर और इससे सटे मध्य अरब सागर की तरफ न जाने को कहा गया है.
सौराष्ट्र और कच्छ में 15 जून तक मछुआरों को समुद्रतट से दूर रहने की सलाह दी गई है.
अगले चार दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात के कारण गुजरात के तट पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही अगले पांच दिनों तक सौराष्ट्र-कच्छ और दीव के सभी जिलों में 30 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. 
Compiled: Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).