दुनिया की बड़ी कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने अपनी पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स की एक चैरिटी संस्था को करीब 8 अरब डॉलर का दान दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दान दोनों के तलाक के लगभग तीन साल बाद हुआ है। यह बड़ी रकम 2024 के अंत में पिवोटल फिलैंथ्रोपीज फाउंडेशन को दी गई जिसे मेलिंडा चलाती हैं। यह हाल के वर्षों में सबसे बड़े दान में से एक है। पिवोटल फिलैंथ्रोपीज फाउंडेशन की हालिया टैक्स फाइलिंग से इसका खुलासा हुआ है।
फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने ब्लूमबर्ग को बताया कि यह दान बिल और मेलिंडा गेट्स के बीच 12.5 अरब डॉलर के वित्तीय समझौते का हिस्सा था, जो अब पूरी तरह से पूरा कर लिया गया है। साल 2024 में पिवोटल फिलैंथ्रोपीज ने विभिन्न परोपकारी कामों के लिए 875 मिलियन डॉलर बांटे थे। मेलिंडा ने मई 2024 में बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन से औपचारिक रूप से अलग होने का फैसला किया था। दोनों का तलाक 2021 में हुआ था। इसके एक साल बाद यानी 2022 के अंत में मेलिंडा ने पिवोटल फिलैंथ्रोपीज फाउंडेशन की शुरुआत की थी। 
क्यों टूटा रिश्ता?
गेट्स दंपति के अलगाव की वजह बिल गेट्स और माइक्रोसॉफ्ट की एक महिला कर्मचारी के साथ अफेयर का खुलासा था। साल 2019 में माइक्रोसॉफ्ट की एक महिला कर्मचारी ने गेट्स के साथ अपने रिश्ते का खुलासा किया था। उसने इस बारे में माइक्रोसॉफ्ट के बोर्ड को एक पत्र भेजा था। उसका कहना था कि गेट्स और उसका अफेयर साल 2000 में शुरू हुआ था। माइक्रोसॉफ्ट बोर्ड ने इन आरोपों की जांच की और रिश्ते को अनुचित बताया। 
बिल गेट्स ने इस जांच के दौरान मार्च 2020 में कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना था कि वह अपने परोपकारी कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। कई साल तक दुनिया के सबसे बड़े रईस रहे बिल गेट्स की नेटवर्थ में पिछले साल काफी गिरावट आई है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ 118 अरब डॉलर रह गई है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 16वें नंबर पर हैं। मेलिंडा की नेटवर्थ 17.6 अरब डॉलर है। 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).