रिपोर्ट : LegendNews
बिहारीजी कॉरीडोर: सांसद हेमा मालिनी के विवादित बयान पर बिफरे ब्रजवासी
वृन्दावन। मथुरा की सांसद व फ़िल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी के विवादित बयान ''कॉरिडोर के विरोधी ब्रज-वृन्दावन छोड़कर चले जाएँ'' पर ब्रजवासी बिफर उठे हैं। हेमामालिनी के इस बयान से समूचे ब्रजवासियों में भारी आक्रोश छाया हुआ है और सांसद की चतुर्दिक निंदा हो रही है। सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के आला पदाधिकारियों की इस विवादित टिप्पणी पर पैनी नजर बनी हुई है तथा बहुत जल्द ही पार्टी अलाकमान द्वारा ब्रजमण्डल में अपनी पकड़ बनाये रखने के लिये अपनी सांसद को नियंत्रित किया जायेगा।
See Video Here --
इस संदर्भ में जारी किये गये अपने एक वीडियो बयान में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवक, वात्सल्य ग्राम के कोषाध्यक्ष व रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन महेश खंडेलवाल ने कहा कि वृन्दावन गलियारे व मंदिर न्यास गठन के संबध में स्थानीय सांसद हेमा मालिनी के बयान से ब्रजवासियों को बहुत लज्जा का अनुभव हो रहा है। सांसद महोदया को ये कहना कतई शोभा नहीं देता कि कारिडोर के विरोधी ब्रज - वृन्दावन छोड़कर चले जाएँ।
श्री महेश खंडेलवाल ने कहा कि ब्रजवासियों एवं पार्टी कार्यकर्त्ताओं द्वारा इस पूरे विवादित मामले से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को अवगत करा दिया गया है और बहुत जल्द ही ठोस कार्यवाही की जाएगी। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार ब्रज मण्डल में भाजपा किसी भी तरह अपने आधार वोटबैंक को हाथ से खिसकने देना नहीं चाहेगी। इसलिए अति शीघ्र ही पार्टी हाईकमान द्वारा इस मामले में अपनी सांसद को नियंत्रित करने हेतु कड़े कदम उठाये जायेंगे।
इसी क्रम में बीते दिन बिहारी जी मंदिर चबूतरे पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के संरक्षक पंडित महेश पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा प्रस्तावित वृन्दावन गालियारा एवं मंदिर न्यास गठन के संदर्भ में सांसद हेमा मालिनी का बयान बहुत ही निंदनीय है। श्री पाठक ने कहा कि लाखों ब्रजवासी ब्रज छोड़कर कहां जायेंगे, जाना है तो परदेशी लोग वृन्दावन से चले जाएँ। उन्होंने वृन्दावन गलियारा निर्माण व न्यास गठन के विरोध में चल रहें आंदोलन को अपनी ओर से पूर्ण समर्थन देते हुये हरसम्भव सहयोग की घोषणा की।
- Legend News
Recent Comments