बिहार के मुजफ्फरपुर में एक प्राइवेट हॉस्पिटल के आईसीयू में आग लगने से चार मरीजों की मौत हो गई है जबकि 20 से अधिक लोग झुलस गए है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ ज़िले के प्रसाद हॉस्पिटल में यह घटना हुई है. ज़िलाधिकारी ने बताया है कि हॉस्पिटल के आईसीयू में आग लगने से चार लोगों की मौत हुई है.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी इस हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की और मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की.
इस घटना में और भी लोगों के प्रभावित होने की आशंका है. कई ख़बरों में तो मारे गए लोगों की संख्या क़रीब दस बताई जा रही है. मृतकों और घायलों में से ज़्यादातर हॉस्पिटल में भर्ती मरीज़ बताए जा रहे हैं.
यह घटना गुरुवार तड़के क़रीब 3 बजे की है. आईसीयू में आग लगने के बाद कई मरीज़ों को अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
ज़िलाधिकारी के मुताबिक़ पहली नज़र में यह घटना शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई दिखती है. हालाँकि इस मामले में पूरी जानकारी जांच की बाद ही मिल पाएगी.
कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस घटना की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें दिख रहा है कि हॉस्पिटल से मरीज़ों को बाहर निकाला जा रहा है. 
धुएं से भर गया ICU, खिड़कियां तोड़कर निकाले गए मरीज 
आग लगने के बाद ICU और आसपास के वार्डों में धुआं भर गया. दमकल कर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर करीब 15 मरीजों को बाहर निकाला. हादसे में गीता देवी, उदय कुमार और शशांक कुमार की मौत हो गई जबकि एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. 
स्टाफ पर लगे गंभीर आरोप, परिजनों में नाराजगी 
घटना के बाद मरीजों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आग लगने के बाद डॉक्टर और कर्मचारी मौके से चले गए और मरीजों को समय पर मदद नहीं मिली. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि अगर तुरंत राहत कार्य शुरू होता तो जान-माल का नुकसान कम हो सकता था. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. 
-Legend News

मिलती जुलती खबरें

Recent Comments

Leave A Comment

Don’t worry ! Your Phone will not be published. Required fields are marked (*).