रिपोर्ट : LegendNews
दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिले बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की बुधवार नई दिल्ली में मुलाकात हुई। रहमान तीन दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं, जिसका उद्देश्य 18 महीने से अधिक समय से चले आ रहे कूटनीतिक तनाव के बाद द्विपक्षीय संबंधों में सुधार लाना है। रहमान बांग्लादेश में प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) सरकार के फरवरी में सत्ता संभालने के बाद भारत की यात्रा पर आने वाले देश के पहले वरिष्ठ मंत्री हैं।
पहले डोभाल और अब एस जयशंकर के साथ मीटिंग
इस मुलाकात के बाद एस जयशंकर ने एक पोस्ट में लिखा कि आज दोपहर बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और उनके प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करके हमें खुशी हुई। हमने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। साथ ही आपस में लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए।
इससे पूर्व मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की रात्रिभोज पर मेजबानी की। डोभाल और रहमान ने भारत-बांग्लादेश संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें संबंधों को नई गति देने पर विशेष जोर रहा।
बांग्लादेश को भी इस दौरे से काफी उम्मीदें
बांग्लादेश के विदेश मंत्री खालिलुर रहमान की इस यात्रा को लेकर ढाका ने उम्मीद जताई है कि यह दौरा दोनों देशों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत और स्थायी बनाने की दिशा में अहम आधार तैयार करेगा। बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के अनुसार, रहमान 10 से 12 अप्रैल तक मॉरीशस में होने वाले इंडियन ओशन कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे इस दौरान वे नई दिल्ली में ठहरेंगे।
➤ अगस्त 2024 में शेख हसीना सरकार के सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में तनाव आ गया था।
➤ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विदेश सचिव विक्रम मिसरी के 17 फरवरी को ढाका में तारिक रहमान के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करने के बाद दोनों पक्षों ने संबंधों को स्थिर करने के प्रयास शुरू किए।
➤ तारिक रहमान बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी की शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री बने।
➤ मामले के बारे में जानकारी रखने वालों के अनुसार, विदेश मंत्री और उनके बांग्लादेशी समकक्ष के बीच बैठक का मुख्य उद्देश्य संबंधों को सुधारना और सहयोग के नये क्षेत्र तलाशना है।
-Legend News

Recent Comments