रिपोर्ट : LegendNews
बागपत: शूटर दादी प्रकाशी तोमर की हालत गंभीर, नोएडा के अस्पताल में एडमिट
बागपत। शूटर दादी के नाम से मशहूर प्रकाशी तोमर की नाक की नस फटने के चलते हालत बिगड़ गयी है. उन्हें गंभीर हालत में नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बता दें, जौहड़ी गांव की निशानेबाज की हालत रविवार सुबह उस समय अचानक खराब हो गई, जब वे घर का कामकाज कर रही थी. उनके नाक की नस फटने से वह चक्कर खाकर गिर पड़ी. आनन फानन में परिजन उन्हें लेकर बड़ौत अस्पताल पहुंचे, जहां पर आराम न मिलता देख उन्हें नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया है.
उनके स्वास्थ्य का अपडेट जानने के लिए प्रशंसक काफी परेशान हैं. उनके साथ उनकी पुत्री सीमा तोमर और बेटा रामबीर भी मौजूद हैं. नेशनल ट्रैप शूटर सीमा तोमर ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि नाक की नस फटने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दादी की प्रसिद्धि और जीवन संघर्षों पर बॉलीवुड फिल्म 'सांड़ की आंख' भी बनी है, जिसकी शूटिंग जौहड़ी गांव में ही हुई थी.
फिल्म में अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने बुजुर्ग शॉर्प शूटर प्रकाशो और चन्द्रो तोमर की भूमिका निभाई है. जिसे तुषार हीरानंदानी ने डायरेक्ट किया था. बता दें कि शूटर दादी प्रकाशी तोमर ने 60 साल की उम्र में पिस्टल थामी थी. दादी ने एक डीआईजी को हराकर दादी ने गोल्ड मेडल जीत लिया. अब तक वह देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं. उन्हें ढेरों सम्मान मिल चुके हैं.
वहीं जौहड़ी के अलावा जिले की सभी शूटिंग रेंज/एकेडमी पर निशानेबाजी का प्रशिक्षण ले रहे शूटर्स ने दादी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
- Legend News

Recent Comments