रिपोर्ट : LegendNews
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बुरी खबर, चोटिल होने के कारण इंग्लैंड लौटे फिल साल्ट
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट चोटिल होने की वजह से तीन मैचों से प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है। उंगली में चोट लगने के कारण साल्ट बाहर हैं और उसकी जगह बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बेथेल को खेलने का मौका मिल रहा है। वह विराट कोहली के साथ ओपनिंग कर रहे हैं। इस चोट का स्कैन कराने के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं।
दिल्ली के खिलाफ मैच में लगी थी चोट
दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट को 18 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगाते समय चोटिल हो गया था। उनकी बाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। उस मुकाबले में साल्ट ने सिर्फ 38 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली थी।
ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार ‘ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) से अनुबंधित साल्ट इंग्लैंड के टीम प्रबंधन के अनुरोध पर स्वदेश लौट गए हैं और उनकी उंगली का स्कैन किया गया है।’
साल्ट के जल्द फिट होने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी और साल्ट दोनों को उम्मीद है कि वह जल्द फिट हो जाएंगे और वह इस महीने बाद में भारत लौट सकते हैं। साल्ट ने मौजूदा आईपीएल में छह पारियों में 168.33 के स्ट्राइक रेट से 202 रन बनाए थे। आरसीबी फिलहाल पंजाब किंग्स के बाद पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। उसका अगला मुकाबला गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। टीम के प्लेऑफ में जाने की संभावना काफी ज्यादा है।
-Legend News

Recent Comments