रिपोर्ट : LegendNews
अयोध्या में 190 करोड़ की लागत से बनेंगे 5 नए अंडरपास, ब्लैकस्पॉट्स होंगे खत्म
अयोध्या। राम नगरी अयोध्या निरंतर विकास और आधुनिक सुविधाओं की ओर अग्रसर है. अब अयोध्या की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. यह पहल न केवल आमजन को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करते हुए स्मार्ट सिटी की अवधारणा को भी साकार करेगी.
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-27 के रामसनेही घाट-अयोध्या खंड पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत से पांच नए अंडरपासों का निर्माण किया जाएगा.
दुर्घटनाओं को रोकने की कोशिश
इन अंडरपासों के बनने से स्थानीय निवासियों, किसानों और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा. एनएचएआई के अनुसार, अर्कुना, रानीमऊ, कुढ़ा सादात, भेलसर एवं सट्टी चौराहा सहित कुल पांच स्थानों पर ये अंडरपास बनाए जाएंगे. ये सभी स्थान पहले सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा ब्लैकस्पॉट के रूप में चिन्हित किए जा चुके हैं, जहां पिछले वर्षों में कई दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं. अंडरपासों के निर्माण से हाईवे पर तेज गति से दौड़ने वाले वाहनों और स्थानीय आवागमन के बीच अलगाव सुनिश्चित होगा.
5 ब्लैकस्पॉट्स पर बनेंगे अंडरपास
इस परियोजना के आने से जन-धन की हानि को रोका जा सकेगा और स्थानीय किसानों व निवासियों ने इसका स्वागत किया है. अंडरपास बनने से बच्चों को स्कूल भेजने और किसानों को अपने खेत तक मशीनरी ले जाने में काफी आसानी होगी. रानीमऊ गांव की महिलाओं ने भी इस विकास कार्य पर खुशी जाहिर की है क्योंकि अब वे बिना जोखिम के सड़क पार कर सकेंगी. एनएचएआई के परियोजना निदेशक अवनीत सिद्धार्थ ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य हाईवे उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और सुचारु प्रवाह को बढ़ावा देना है.
अयोध्या हाईवे पर यातायात में होगा सुधार
परियोजना के पूरा होने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि नेशनल हाईवे पर यातायात का दबाव भी कम होगा. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना आवश्यक हो गया था. इन अंडरपासों के अलावा अयोध्या-गोरखपुर खंड पर सभी ब्लैकस्पॉट्स पर साइनेज, सूचना बोर्ड और चेतावनी बोर्ड लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है. मंत्रालय द्वारा लिया गया यह निर्णय सड़क दुर्घटनाओं को जड़ से समाप्त करने की दिशा में एक ठोस कदम साबित होगा.
- Legend News

Recent Comments